छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों ने इस वजह से एयरपोर्ट में उड़ाया कागज का विमान

अंबिकापुर: सरगुजा संभाग के लोगों को हवाई सफर का सपना दिखाकर शुरू की गई दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट की उड़ान सेवा फिलहाल ठप पड़ी है। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट के बाहर इकट्ठा होकर अनोखा प्रदर्शन किया। नेताओं ने कागज़ के हवाई जहाज़ बनाकर उड़ाए और अपनी नाराजगी जाहिर की। कांग्रेस का आरोप है कि बड़ी उम्मीदों के साथ शुरू की गई इस सुविधा को अघोषित रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे स्थानीय जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को कागज़ का विमान सौंपकर मांग की है कि यहां से उड़ानों का संचालन जल्द से जल्द दोबारा शुरू किया जाए।

पीएम मोदी ने किया था वर्चुअल उद्घाटन

गौरतलब है कि 19 दिसंबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से इस एयरपोर्ट से उड़ान सेवा का आगाज किया था। उस समय फ्लाइंग विग कंपनी के 19 सीटर विमान ने रनवे से उड़ान भरी थी। केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत इसका मकसद आम आदमी को सस्ती दरों पर हवाई यात्रा उपलब्ध कराना था, जिसके लिए शुरुआत में किराया मात्र एक हजार रुपये के आसपास तय किया गया था। लेकिन कुछ ही समय बाद न केवल विमानों की आवाजाही बंद हो गई, बल्कि किराए में भी भारी बढ़ोतरी कर दी गई। इससे सरगुजा के व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी निराशा है।

72 सीटर विमान के संचालन की उठी मांग

कांग्रेस नेताओं ने तकनीकी खामियों और कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि दरिमा एयरपोर्ट को 72 सीटर बड़े विमानों के संचालन के लायक तैयार किया गया था। इसके बावजूद प्रशासन ने केवल 19 सीटर छोटे विमानों की सेवा शुरू की, जो कुछ ही दिनों में दम तोड़ गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर हवाई पट्टी बड़े विमानों के लिए सक्षम है, तो छोटे विमानों का सहारा लेकर खानापूर्ति क्यों की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि संभाग को नई हवाई कनेक्टिविटी से नहीं जोड़ा गया और पुरानी सेवाओं को बहाल नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र बनाया जाएगा।

Also Read: VIDEO: भूपेश बघेल के ‘बेंदरा’ वाले बयान पर बवाल: डिप्टी सीएम अरुण साव के अपमान से भड़का साहू समाज, अल्टीमेटम दे कहा- 10 दिन में माफी मांगें

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button