
छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है. कोटमी में हुए सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की सनसनीखेज हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आ गया है. मृतक प्रदीप सोनी के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया है. इस संदेश में भेजने वाले ने दावा किया है कि प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या उसी ने की है और पीड़ित परिवार को जो करना है वो कर ले. इस मैसेज के सामने आने के बाद पेंड्रा थाना पुलिस ने तुरंत नई प्राथमिकी दर्ज कर अपनी जांच को आगे बढ़ा दिया है.
परिजनों को दी बेटे को लेकर धमकी, मैसेज भेजने के बाद चैट पर मांगी माफी
अज्ञात शख्स ने मनोज सोनी को भेजे गए इस मैसेज में न सिर्फ हत्या की बात कबूली है, बल्कि परिजनों को डराने के लहजे में मृतक के बेटे को लेकर भी आपत्तिजनक बातें लिखी हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी धमकी देने के तुरंत बाद संबंधित व्यक्ति ने उसी चैट पर अपनी इस हरकत के लिए माफी भी मांगी. पेंड्रा पुलिस ने इस अज्ञात मोबाइल नंबर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अब साइबर सेल की मदद लेकर उस नंबर को ट्रेस किया जा रहा है और उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के साथ-साथ टावर लोकेशन की तकनीकी जांच की जा रही है.

गुमराह करने की कोशिश या कातिल का सुराग, हर कोण से पड़ताल कर रही पुलिस
पुलिस इस समय इस पूरे मामले की बहुत बारीकी से जांच कर रही है कि कहीं यह किसी शरारती तत्व का साइकोलॉजिकल एक्ट यानी पुलिस और परिवार को गुमराह करने का कोई पैंतरा तो नहीं है. इसके साथ ही इस बात की भी पूरी आशंका है कि यह सच में इस जघन्य हत्याकांड से जुड़े किसी मुख्य आरोपी का ही नंबर हो सकता है. इस उलझे हुए मर्डर केस के सभी सुरागों को आपस में जोड़ने के लिए जिला पुलिस की अलग-अलग टीमें दिन-रात काम कर रही हैं ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके.

बिहार में एसटीएफ की मदद से संदिग्ध हिरासत में, स्थानीय मददगारों पर भी पुलिस की नजर
इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पेंड्रा पुलिस की एक विशेष टीम बिहार पहुंच चुकी है और वहां की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की मदद से एक मुख्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है. पुलिस अधिकारियों का ऐसा मानना है कि इस पूरे हत्याकांड को अंजाम देने में कुछ स्थानीय अपराधियों या मुखबिरों के शामिल होने की पूरी आशंका है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर एक कदम बेहद फूंक-फूंक कर रख रही है और जल्द ही इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करने का दावा कर रही है.



