
PM Kisan Scheme Money: करोड़ों किसानों की निगाहें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 21वीं किस्त पर टिकी हुई हैं। अब तक सरकार इस साल दो किस्तें फरवरी और अगस्त 2025 में जारी कर चुकी है। किसानों को उम्मीद थी कि अगली किस्त दिवाली या बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जारी होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब खबर है कि जिन किसानों को केवाईसी (KYC) में गड़बड़ियों के कारण 20वीं किस्त नहीं मिल पाई थी, उन्हें 20वीं और 21वीं किस्त का संयुक्त भुगतान यानी ₹4,000 की राशि मिल सकती है।
क्यों हो रही है 21वीं किस्त जारी करने में देरी?
पीएम-किसान की 21वीं किस्त जारी करने में हो रही देरी के पीछे दो प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। पहला कारण यह है कि केंद्र सरकार फर्जी और अपात्र लाभार्थियों को हटाने के लिए बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चला रही है। दूसरा, कई राज्यों में किसानों की ई-केवाईसी और जमीन रिकॉर्ड (भूमि अभिलेख) को अपडेट करने का काम अभी भी जारी है, जो भुगतान जारी करने के लिए अनिवार्य शर्त है। अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, 21वीं किस्त नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत तक जारी की जा सकती है।

नियम सख्त: E-KYC और भूमि रिकॉर्ड अनिवार्य
पीएम-किसान योजना का लाभ जारी रखने के लिए केंद्र सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। योजना का लाभ पाने के लिए किसानों को अपनी ई-केवाईसी पूरी करनी जरूरी है, साथ ही आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना चाहिए और भूमि अभिलेख राज्य सरकार द्वारा सत्यापित होने चाहिए। वर्तमान में लगभग 10 करोड़ किसान इस योजना के लाभार्थी हैं, लेकिन केवाईसी में गड़बड़ियों के कारण लाखों किसानों के लिए धनराशि जारी नहीं हो पाई है, जिस पर सरकार अब सख्ती बरत रही है।
किसानों को सालाना मिलते हैं ₹6,000 की आर्थिक मदद
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना मोदी सरकार की सबसे महत्वपूर्ण किसान योजनाओं में से एक है, जिसे 2019 में शुरू किया गया था। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान परिवार को सालाना ₹6,000 की सहायता तीन बराबर किस्तों (प्रत्येक ₹2,000) में दी जाती है। यह राशि सीधे डीबीटी (DBT) यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। अब तक देशभर में 11 करोड़ से अधिक किसान इस योजना से जुड़ चुके हैं।
किसान ऐसे जाँचें अपना लाभार्थी स्टेटस
21वीं किस्त के इंतजार में बैठे किसानों को सलाह दी गई है कि वे PM-KISAN पोर्टल (pmkisan.gov.in) पर जाकर अपना लाभार्थी स्टेटस (Beneficiary Status) और e-KYC अपडेट की स्थिति जरूर जाँच लें। स्टेटस में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर जल्द से जल्द उसे ठीक करवा लें, क्योंकि फर्जी लाभार्थियों पर सख्ती के चलते गड़बड़ी वाले खातों में किस्त आने में असुविधा हो सकती है।



