
Raipur. देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के डीजीपी-आईजी सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार देर शाम रायपुर पहुँचे। प्रधानमंत्री का विमान माना एयरपोर्ट पर उतरा, जहाँ उनकी अगवानी के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्रियों अरुण साव और विजय शर्मा सहित बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव मौजूद थे। मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
नवा रायपुर स्थित IIM में होगा सम्मेलन
यह तीन दिवसीय डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस नवा रायपुर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) में आयोजित की जा रही है। देश भर के पुलिस महानिदेशक (DGP) और महानिरीक्षक (IG) इस सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, साइबर क्राइम, आतंकवाद निरोधक रणनीति और पुलिस सुधार जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर मंथन करेंगे।
पीएम मोदी ने स्पीकर हाउस में किया रात्रि विश्राम
औपचारिक स्वागत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे नवा रायपुर स्थित स्पीकर हाउस के लिए रवाना हो गए। प्रधानमंत्री आज रात यहीं रात्रि विश्राम करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे नवा रायपुर क्षेत्र में कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।
पीएम मोदी 6 महत्वपूर्ण सत्रों में होंगे शामिल
कुल आठ सत्रों में यह सम्मेलन संपन्न होगा, जिसमें पहले दिन दो, दूसरे दिन चार और तीसरे दिन दो सत्रों का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सम्मेलन में शामिल होंगे और कुल छह महत्वपूर्ण सत्रों की अध्यक्षता करेंगे या उनमें भाग लेंगे। इस पूरे कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी उपस्थित रहेंगे।
आंतरिक सुरक्षा पर होगा विशेष मंथन
डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में देश की सुरक्षा चुनौतियों और पुलिसिंग के भविष्य पर फोकस किया जाता है। इस बार के सत्रों में पुलिस आधुनिकीकरण, तकनीक का उपयोग करके अपराधों पर नियंत्रण, और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने की रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श होने की उम्मीद है। पीएम मोदी की उपस्थिति इन सत्रों को एक निर्णायक दिशा देगी।



