Video: धमतरी में पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च: हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई, शांति से त्योहार मनाने की अपील

धमतरी: दीपावली त्योहार के मद्देनजर जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रविवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक (SP) सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने फ्लैग मार्च निकाला। जिला मुख्यालय और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च के दौरान हुड़दंगियों, अड्डेबाजी और नशाखोरी में लिप्त व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई।

हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी निगरानी

फ्लैग मार्च के दौरान लाउड स्पीकर के माध्यम से लगातार ऑडियो संदेश का प्रसारण किया गया। कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि:

  • अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
  • संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर पैनी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे शान्तिपूर्वक और प्रेम से त्योहार मनाएँ, नशा करके बवाल न करें, तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सुरक्षा के लिए 3-स्तरीय प्लानिंग और पुख्ता इंतजाम

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि दीपावली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और 3-स्तरीय प्लानिंग लागू की गई है:

  1. विजुअल पुलिसिंग: जिले में जगह-जगह एमसीपी (मोबाइल चेक पोस्ट) लगाए गए हैं और फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
  2. गश्त और चेकिंग: जिले में अलग से नाकेबंदी की गई है। शहर में मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग के साथ पैदल गश्त भी की जा रही है।
  3. टीम तैनाती: रेंडम चेकिंग और गश्ती दल की तैनाती की गई है।

फ्लैग मार्च रक्षित केंद्र से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौराहों जैसे लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मुजगहन, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से गुजरा, और अंत में विंध्यवासिनी मंदिर के सामने खत्म हुआ। इस दौरान एएसपी, सीएसपी, एसडीएम सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी और यातायात पुलिस के जवान शामिल रहे।

Also Read: New Polling Booth: धमतरी जिले में 56 नए मतदान केंद्र स्वीकृत: कुल संख्या 809 हुई, विधानसभावार जानें कहाँ कितने केंद्र बढ़े

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button