
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के शिक्षा विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब शिक्षकों के एक आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में अचानक अश्लील वीडियो प्रसारित होने लगे। इस ग्रुप में कई महिला शिक्षक भी सदस्य थीं, जिन्होंने इस आपत्तिजनक हरकत पर नाराजगी जताते हुए तत्काल पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
अश्लील सामग्री प्रसारित होने पर 5 शिक्षकों को नोटिस
मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) पी.एस. बघेल ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने उन पाँच शिक्षकों को तुरंत ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया, जिनके नंबरों से वीडियो शेयर किए गए थे। नोटिस में शिक्षकों से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है कि उनके मोबाइल से यह आपत्तिजनक सामग्री कैसे प्रसारित हुई।
डीईओ बघेल ने कहा कि विभाग ने इस पूरे प्रकरण की जाँच शुरू कर दी है और सभी शिक्षकों को अनजान लिंक या फाइल पर क्लिक न करने की सलाह दी गई है।
‘APK फाइल’ से हैकिंग की आशंका, पुलिस कर रही जाँच
प्रारंभिक जाँच में यह सामने आया है कि यह मामला साइबर हैकिंग से जुड़ा हो सकता है। कुछ शिक्षकों के मोबाइल पर एक संदिग्ध APK फाइल भेजी गई थी, जिसे क्लिक करते ही उनके व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गए और उसी के जरिए ग्रुप में अश्लील वीडियो भेजे गए। शिक्षकों ने इस संबंध में साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस अब यह जाँच कर रही है कि वीडियो भेजने वाला या हैकिंग करने वाला व्यक्ति कहाँ से सक्रिय था। पुलिस और विभागीय जाँच साथ-साथ जारी है, और विभाग ने स्पष्ट किया है कि भले ही यह हैकिंग का मामला हो, लेकिन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



