VIDEO: प्रेग्नेंट प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या, पेट में पल रहे शिशु की भी मौत, शरीर पर डंडे के 40-50 निशान; कोई बचाने भी नहीं आया

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशन में रह रहे एक युवक ने अपनी 7 महीने की गर्भवती प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस बेरहमी का शिकार न केवल प्रेमिका मनबसिया माझी (28) हुई, बल्कि उसके गर्भ में पल रहे नवजात शिशु की भी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि आरोपी राजीव दास महंत (30) अपनी प्रेमिका के उसे बिना बताए मायके चले जाने से नाराज था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पिटाई का वीडियो सामने, शरीर पर 40 से ज्यादा निशान

इस दिल दहला देने वाली घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी प्रेमी राजीव दास महंत डंडे से अपनी प्रेमिका को बेरहमी से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। दुखद बात यह है कि घटना के दौरान आस-पास के लोगों ने मारपीट होते देखी और उसका वीडियो भी बनाया, लेकिन कोई भी उसे बचाने आगे नहीं आया। पुलिस द्वारा किए गए पंचनामा और पोस्टमॉर्टम में मृतका के शरीर पर 40 से 50 से अधिक डंडे के निशान पाए गए, जो मारपीट की गंभीरता को दर्शाते हैं।

ढुकू प्रथा में साथ रह रहे थे दोनों

मृतक मनबसिया माझी और आरोपी राजीव दास महंत गांव के ही निवासी थे और लगभग दो साल से ढुकू प्रथा के तहत साथ रह रहे थे। इस प्रथा का आदिवासी समाज में अर्थ है ‘घर में प्रवेश करना’, जिसके तहत अविवाहित या विवाहित पुरुष/महिला दूसरे पुरुष/महिला को बिना औपचारिक विवाह के जीवनसाथी के रूप में अपने घर ले आते हैं। दोनों अलग रहकर एक किराना दुकान चलाते थे, जिसका संचालन अक्सर मनबसिया करती थी। आरोपी के शराब पीने की आदत को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बेहोश कर कमरे में बंद करके भागा आरोपी

जानकारी के अनुसार, मनबसिया के बिना बताए मायके चले जाने से नाराज राजीव दास महंत शुक्रवार, 7 नवंबर को अपने ससुराल पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर जबरन घर वापस ले आया। घर वापस आने पर, पहले तो उसने मनबसिया को कमरे के बाहर डंडे से पीटा, और फिर बंद कमरे में उसकी बेरहमी से पिटाई की। जब मनबसिया बेहोश हो गई, तो आरोपी उसे कमरे में बंद करके बाहर से ताला लगाकर मौके से भाग गया। देर रात तक कोई आवाज न आने पर पड़ोसियों ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी।

देखिये वीडियो-

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस और 108 की टीम ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया, तो मनबसिया मृत पाई गई। डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम के दौरान पुष्टि की कि अत्यधिक पिटाई के कारण गर्भ में पल रहे सात महीने के बच्चे की भी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राजीव दास महंत को अगले ही दिन (शनिवार को) गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Also Read: गर्लफ्रेंड को मिलने बुलाया, गर्लफ्रेंड ने संबंध बनाने से किया इंकार, बॉयफ्रेंड ने दुष्कर्म के बाद पुल से नीचे फें

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button