धमतरी में अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारी, युवाओं को मिलेगा सेना में जाने का सुनहरा अवसर

धमतरी: जिले के युवाओं के लिए गौरव का अवसर जल्द ही आने वाला है। भारतीय सेना द्वारा आगामी जनवरी माह में धमतरी जिले में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित किए जाने की संभावना है। इसी संदर्भ में सेना के वरिष्ठ अधिकारी कर्नल अरुण कालिया, मेजर रूबेश कुमार और अधिकारी गोहन सुंदरम ने आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार से सौजन्य मुलाकात की।

बैठक में रैली के सफल आयोजन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जिले के युवाओं को देश सेवा का अवसर मिलना गर्व की बात है। उन्होंने सेना अधिकारियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँगी। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की ठोस व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया।

इसी क्रम में एसडीएम श्री पीयूष तिवारी ने सेना अधिकारियों को स्थानीय इंडोर स्टेडियम खेल मैदान का निरीक्षण कराया और वहाँ उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मैदान में रैली हेतु आधारभूत ढाँचा, पानी, स्वास्थ्य सुविधाएँ, शैक्षिक पटल और यातायात व्यवस्था जैसे सभी इंतज़ाम किए जाएँगे।

गौरतलब है कि अग्निवीर योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अग्निपथ योजना का हिस्सा है। इस योजना के तहत युवाओं को चार वर्ष की सेवा अवधि दी जाती है। सेवा समाप्ति के बाद 25 प्रतिशत चयनित उम्मीदवार स्थायी सेना में शामिल किए जाते हैं। भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा सामान्यतः 17.5 से 23 वर्ष होती है। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 10वीं पास से लेकर स्नातक तक निर्धारित है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, चिकित्सा जांच तथा दस्तावेज सत्यापन शामिल है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले के युवाओं से अपील की कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएँ और देश सेवा के लिए आगे आएँ।

Also Read: छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग में वार्ड ब्वॉय एवं आया के 100 पदों पर निकली बंपर भर्ती, 8वीं पास कर सकते है आवेदन: CG Vyapam Ward Boy & Aaya Vacancy 2025

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button