छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का 31 अक्टूबर को रायपुर बंद का ऐलान

रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित वीआईपी एयरपोर्ट मार्ग पर स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की विशालकाय मूर्ति को आपराधिक तत्वों द्वारा तोड़े जाने की घटना ने पूरे राज्य में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। यह घटना कथित तौर पर 23 अक्टूबर के आसपास दिनदहाड़े हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी पहले से थी, लेकिन प्रशासन ने इसे सार्वजनिक करने में देरी की, जिससे नागरिकों और संगठनों में यह संदेह गहरा गया है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने बताया अस्मिता पर प्रहार

इस घटना की जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने कड़ी निंदा की है और इसे छत्तीसगढ़ की अस्मिता पर सीधा प्रहार बताया है। पार्टी का स्पष्ट कहना है कि मूर्तियों के अपमान और खंडन के जरिए कुछ छत्तीसगढ़-विरोधी तत्व राज्य की सांस्कृतिक आस्था को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि मूर्ति तोड़ने की साजिश का पर्दाफाश किया जाए और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।

CCTV लगे होने के बावजूद पुलिस की लापरवाही पर सवाल

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों की पहचान नहीं कर पाई है, जबकि तेलीबांधा और वीआईपी रोड जैसे पॉश इलाकों में सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पार्टी का मानना है कि इन कैमरों की मदद से अपराधियों को आसानी से पकड़ा जा सकता था।

दोषियों पर दबाव बनाने के लिए रायपुर बंद का आह्वान

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने इस घटना को राज्य की अस्मिता से जुड़ा मुद्दा बताते हुए 31 अक्टूबर (शुक्रवार) को राजधानी रायपुर महाबंद का आह्वान किया है। पार्टी ने सभी व्यापारियों, आम नागरिकों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों और उद्योगपतियों से अनुरोध किया है कि वे एक दिन के लिए अपने प्रतिष्ठान और कार्य बंद रखें। पार्टी का उद्देश्य शासन-प्रशासन पर दबाव बनाना है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके और उन्हें जेल तक पहुँचाया जा सके।

शांतिपूर्ण बंद से संस्कृति की रक्षा का संदेश

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने अपने इस बंद को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि यह कदम राज्य की अस्मिता, धर्म-संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए आवश्यक है। इस बंद के जरिए पार्टी छत्तीसगढ़ की संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को उजागर करना चाहती है।

Also Read: VIDEO: रायपुर में छठ पूजा के मौके पर अश्लील डांस पर हंगामा: बजरंग दल ने बंद कराया आयोजन, VIDEO वायरल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button