
Raipur Student Protest Video: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। रविवार को राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और सैकड़ों छात्र एकजुट होकर प्रदर्शन करने पहुंचे। 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी विषय का पेपर लीक होने के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन को छात्र संगठन एनएसयूआई ने भी अपना समर्थन दिया है और उनके कार्यकर्ता भी मांगों के समर्थन में मैदान में उतर आए हैं।
पेपर लीक पर सख्त कानून बनाने की मांग
Gajendra Yadav Resignation: अंबेडकर चौक पर जुटे छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान पेपर लीक जैसी धांधली पर पूर्ण विराम लगाने के लिए कड़ा और प्रभावी कानून लागू करने की आवाज उठाई। आंदोलनकारियों का कहना है कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से योग्य विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि आगे इस तरह की लापरवाही न दोहराई जा सके।
हरिका राव के परिजनों को न्याय और मुआवजा
प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं ने री-नीट परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बाद जान गंवाने वाली छात्रा हरिका राव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पीड़िता के परिवार को तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा देने और मामले में निष्पक्ष न्याय दिलाने की मांग की। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रों की जायज मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, उनका यह संघर्ष जारी रहेगा।



