
GeM Portal Scam Rajnandgaon: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के भीतर खेल सामग्री की खरीदी में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। नियमों को ताक पर रखकर लाखों रुपये का सामान खरीदने के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद सहायक संचालक अल्बियुस एक्का को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
वर्षों से चल रहा था बिना अनुमति का खेल
Rajnandgaon GeM Portal Scam: संयुक्त जांच रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2018-19 से लेकर 2026-27 के बीच कुल 52 लाख 91 हजार रुपये की खेल सामग्री खरीदी गई थी। इस पूरी प्रक्रिया में सक्षम वित्तीय प्राधिकारी और कलेक्टर की आवश्यक स्वीकृति नहीं ली गई। बिना किसी पूर्व अनुमति के इतनी बड़ी रकम खर्च कर दी गई, जो सीधे तौर पर वित्तीय नियमों का उल्लंघन है।
एसडीएम और कोषालय अधिकारी ने की संयुक्त जांच
Rajnandgaon News: गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर जितेंद्र यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) और जिला कोषालय अधिकारी की दो सदस्यीय संयुक्त टीम ने पूरे मामले के दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि खरीदी प्रक्रिया में वित्तीय नियमों और तय मानकों का पूरी तरह उल्लंघन किया गया है।
GeM प्रक्रिया और क्रय समिति को किया गया दरकिनार
जांच में यह बात भी सामने आई कि सरकारी नियमों के अनुसार शासकीय संस्थाओं के लिए सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) या खुली निविदा के जरिए सामान खरीदा जाना अनिवार्य होता है। इसके अलावा एक नियमानुसार क्रय समिति का गठन भी जरूरी होता है। हालांकि, सहायक संचालक ने इन सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किए बिना स्थानीय दुकानदारों से सीधे सामान की खरीदी कर ली।
सामग्री का नहीं कराया गया भौतिक सत्यापन
सामान खरीदने के बाद संबंधित खेल सामग्री का कोई भौतिक सत्यापन भी नहीं कराया गया। साथ ही विभाग के पास खरीदी से जुड़े जरूरी अभिलेख और स्टॉक रजिस्टर भी सही तरीके से संधारित नहीं मिले। प्रशासनिक रिपोर्ट में इसे लापरवाही और वित्तीय अधिकारों के दुरुपयोग की श्रेणी में रखा गया है।
सहायक संचालक सस्पेंड
जांच अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर जितेंद्र यादव ने वित्तीय अधिकारों की सीमा लांघने के आरोप में सहायक संचालक अल्बियुस एक्का को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कलेक्ट्रेट निर्धारित किया गया है। शासन स्तर पर अब उनके विरुद्ध विभागीय जांच की तैयारी पूरी कर ली गई है।



