Rajnandgaon Mangata Resort Case: मनगटा रिसोर्ट में युवती की मौt मामले में सनसनीखेज खुलासा: पहले पिलाई शराब फिर संचालक ने किया था दुष्कर्म, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, प्रॉपर्टी सील

Rajnandgaon Mangata Resort Case: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के मनगटा स्थित विसलिंगवुड्स रिसोर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है. शुरुआती जांच, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या और दुष्कर्म का संगीन मामला पाया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिसोर्ट संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकिता शर्मा के निर्देश पर घटना स्थल यानी विसलिंगवुड्स रिसोर्ट को पूरी तरह सील कर दिया गया है.

दोस्तों ने पहले रायपुर ले जाकर पिलाई शराब, फिर मदहोशी की हालत में मनगटा रिसोर्ट लेकर पहुंचे

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि 17 जून को युवती के दोस्त छत्रपाल और घनश्याम उसे अपनी गाड़ी में लेकर रायपुर गए थे. रायपुर के सिमर्स क्लब में इन लोगों ने पहले पार्टी की और युवती को शराब पिलाई. इसके बाद देर रात सभी वापस राजनांदगांव के मनगटा स्थित विसलिंगवुड्स रिसोर्ट पहुंचे. रिसोर्ट के कमरे में भी दोबारा शराब पार्टी की गई. जब अत्यधिक शराब पीने के कारण युवती पूरी तरह मदहोश हो गई और खुद को संभालने की स्थिति में नहीं रही, तब इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया.

नशे का फायदा उठाकर रिसोर्ट संचालक आशुतोष ने किया दुष्कर्म, आंतरिक चोटें आने से तड़प उठी थी युवती

पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से साफ हुआ है कि युवती की लाचारी का फायदा उठाते हुए रिसोर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया. इस कृत्य के दौरान युवती के शरीर पर कई गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (बलात्कार), धारा 115(2) (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना) और धारा 3(5) (साझा आपराधिक मंशा) के तहत मामला दर्ज किया है.

सुबह बाथरूम में संदिग्ध हालत में मिली लाश, पकड़े जाने के डर से शव छोड़कर भाग निकले थे आरोपी

आरोपियों ने पूछताछ में कुबूल किया है कि 18 जून की सुबह जब उन्होंने कमरे के भीतर जाकर देखा तो युवती बाथरूम में मृत अवस्था में पड़ी थी. युवती को मृत देखकर तीनों आरोपी बुरी तरह घबरा गए. पुलिस और कानून के फंदे से बचने के लिए वे तुरंत रिसोर्ट बंद करके मौके से फरार हो गए. पुलिस को जब घटना की सूचना मिली तो उन्होंने कमरे की तलाशी ली और वहां मौजूद साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

पुलिस की सख्ती के आगे आरोपियों ने तोड़ा दम, गुनाह कबूल करने के बाद तीनों को भेजा गया जेल

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों से हिरासत में लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष) निवासी बसंतपुर, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष) निवासी सोमनी और घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष) निवासी दुर्ग शामिल हैं. पुलिस की कड़ी पूछताछ के सामने तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

Also Read: Rajnandgaon Mangatta Resort Muskan Tiwari Case: राजनांदगांव के रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौt: बाथरूम में मिली लाश, साथ आए दोस्त सुबह होने से पहले ही हुए फरार

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button