IPL Match in Raipur: रायपुर में होंगे RCB के दो मैच: टीम के पदाधिकारी मिले सीएम साय से, भेंट की टीम की जर्सी

रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के दो मुकाबले खेले जाएंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम इन मैचों के लिए रायपुर को अपना होम ग्राउंड बनाएगी।

सीएम साय से RCB पदाधिकारियों की मुलाकात

इस संबंध में RCB के वाइस प्रेसिडेंट राजेश मेनन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। बैठक के दौरान टीम की ओर से मुख्यमंत्री को RCB की जर्सी भी भेंट की गई। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री साय ने स्वयं इसकी जानकारी साझा की।

छत्तीसगढ़ को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर फायदा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट के मैच छत्तीसगढ़ में होने से राज्य को देशभर में नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी और क्रिकेट संस्कृति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार आयोजन के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

RCB टीम कर चुकी है स्टेडियम का निरीक्षण

सूत्रों के मुताबिक, इस सीजन में RCB के दो से पांच मैच रायपुर में खेले जा सकते हैं। टीम मैनेजमेंट पहले ही स्टेडियम का निरीक्षण कर चुका है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के साथ इस विषय पर बातचीत भी हो चुकी है। अब केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। संघ के अधिकारियों का कहना है कि इस बार रायपुर में IPL मैच होना तय है, मैचों की संख्या जल्द स्पष्ट होगी।

बेंगलुरु से हटाया गया पुराना होम ग्राउंड

जानकारी के अनुसार, IPL 2026 के लिए RCB ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम को होम ग्राउंड न रखने का फैसला किया है। पिछले सीजन में हुई अव्यवस्थाओं और हादसों के बाद टीम नए विकल्प की तलाश में थी। रायपुर और इंदौर को शॉर्टलिस्ट किया गया था, लेकिन प्राथमिकता रायपुर को दी जा रही है।

विराट कोहली को लाइव देखने का मौका

अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो रायपुर के दर्शकों को विराट कोहली और RCB की टीम को घरेलू मैदान पर खेलते हुए देखने का मौका मिलेगा। यह छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है।

Also Read: अवैध गोद लेने का बड़ा खेल: दुष्कर्म पीड़िता का बच्चा भिलाई के दंपति को सौंपा, फर्जी कागजात के सहारे हुई डीलिंग

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button