Raipur Nurse Murder Case: रायपुर में नर्स की हत्या मामले में हुआ खुलासा, प्रेमी ने ही उतारा मौत के घाट, बेवफाई के शक में की वारदात

रायपुर: Nurse Murder Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नर्सिंग स्टाफ की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। निजी अस्पताल में काम करने वाली 23 वर्षीय नर्स प्रियंका दास की हत्या उसके प्रेमी दुर्गेश वर्मा ने की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह प्रेम प्रसंग में उपजा शक और विवाद था।

सुबह रूममेट ने दी सूचना, अंदर से बंद था दरवाजा

Raipur Murder Case: घटना की जानकारी तब मिली जब प्रियंका की रूममेट सुबह उसे देखने पहुंची। काफी देर तक आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर प्रियंका खून से लथपथ हालत में मृत मिली। उसके शरीर पर चाकू के तीन गहरे घाव पाए गए।

सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को मौके से कई अहम सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया।

आरोपी प्रेमी दुर्गेश और प्रियंका के रिश्ते में चल रहा था तनाव

पुलिस जांच में पता चला है कि प्रियंका और दुर्गेश के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। दुर्गेश को शक था कि प्रियंका किसी और युवक से बातचीत करती है। इसी शक ने उसे जुनूनी बना दिया और उसने हत्या की योजना बना ली।

बुधवार देर रात या गुरुवार सुबह वह प्रियंका के कमरे में बैग ने चाकू लेकर पहुंचा और बातों-बातों में विवाद इतना बढ़ा कि उसने गुस्से में चाकू से उस पर हमला कर दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने प्रियंका के हाथ में चाकू रखकर सीन को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।

टिकरापारा थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में दुर्गेश ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। वह पूरी तरह होश में था और उसने बताया कि प्रेम प्रसंग में उपजे शक की वजह से उसने यह कदम उठाया।

हॉस्पिटल स्टाफ और इलाके में शोक की लहर

प्रियंका की मौत से इलाके में गहरा आक्रोश और दुख है। उसके सहकर्मियों ने बताया कि वह बेहद मेहनती और जिम्मेदार नर्स थी। हॉस्पिटल प्रशासन ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रियंका अपने काम को लेकर हमेशा गंभीर और समर्पित रहती थी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। वहीं, फॉरेंसिक रिपोर्ट और मोबाइल डेटा की जांच के बाद पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेगी।

Also Read: Surguja Crime News: ब्रेकअप के बाद सनकी आशिक ने प्रेमिका पर किया चाकू से हमला

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button