महाकुंभ जाएगा साय मंत्रिमंडल: 13 फरवरी को कर सकते हैं गंगा स्नान,अयोध्या की तरह प्रयागराज लेकर जाएंगे सीएम साय

रायपुर Sai Cabinet Mahakumbh Prayagraj 2025: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके कैबिनेट मंत्री 13 फरवरी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में पवित्र स्नान करने जा सकते हैं। गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस बारे में संकेत दिया है कि मुख्यमंत्री साय की अगुवाई में मंत्रिमंडल के सदस्य महाकुंभ में शामिल होंगे और गंगा स्नान करेंगे। शर्मा ने बताया कि, “हम सभी ने सीएम साय से आग्रह किया था कि जैसे अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए गए थे, वैसे ही महाकुंभ में पवित्र स्नान के लिए हम सभी जाएंगे।”
कांग्रेस पर पलटवार करते हुए गृहमंत्री का बयान
इस यात्रा को लेकर कांग्रेस ने तंज कसा था, जिसके जवाब में गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि, “कांग्रेस का दृष्टिकोण कुछ अलग होता है। उनकी सोच में अगर भ्रष्टाचार और घोटाले की भावना है तो उन्हें ऐसा ही दिखेगा। लेकिन हम महाकुंभ में पवित्र स्नान करने जा रहे हैं, जो 144 साल बाद हो रहा है और यह हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।” शर्मा ने कांग्रेस के तंज का जवाब देते हुए कहा कि, “कांग्रेस यह कह रही है कि पाप धोने जा रहे हैं, लेकिन हमारा उद्देश्य संस्कृति और धर्म को सम्मान देना है।”