धमतरी जिले में फर्जी पत्रकारों की उगाही से सरपंच परेशान, RTI को बना रहे ब्लैकमेलिंग का हथियार, PCI को सौंपेंगे सूची

धमतरी: जिले के सरपंचों ने फर्जी और गैर पंजीकृत पत्रकारों की उगाही से तंग आकर मोर्चा खोल दिया है। सरपंच संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ बाहरी लोग खुद को पत्रकार बताकर पंचायत प्रतिनिधियों से पैसों की मांग कर रहे हैं। कई बार वे बधाई संदेश या अन्य कारणों का बहाना बनाकर रुपए वसूलने की कोशिश करते हैं। पैसे न देने पर आरटीआई के प्रकरण डालने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर ब्लैकमेल करने की धमकी दी जाती है।

विधायक और कलेक्टर से की चर्चा

संपूर्ण मामले को लेकर सरपंच संघ के अध्यक्ष हिमांशु शेखर साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने धमतरी विधायक ओंकार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से सौजन्य मुलाकात की। सरपंचों ने बताया कि फर्जी पत्रकारों की वजह से उन्हें लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।

गांवों में नशाखोरी पर भी जताई चिंता

बैठक में पंचायतों के विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने और गांवों में फैल रही नशाखोरी को रोकने पर भी चर्चा हुई। सरपंच संघ ने शासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।

कलेक्टर का आश्वासन

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रतिनिधियों की बात ध्यान से सुनी और जल्द ही बैठक बुलाकर सभी सरपंचों को नियमानुसार जानकारी देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन सहयोग करेगा।

प्रतिनिधिमंडल में रहे ये लोग शामिल

मुलाकात में सरपंच संघ के सचिव हेमंत नेताम, कोषाध्यक्ष रामकुमार यादव, सहसचिव टिकेश्वरी ध्रुव, उपाध्यक्ष दानेश्वरी यादव, लक्ष्मी बयां, बालकृष्ण निषाद, टिकेश्वरी साहू, श्रवण साहू, उमेश्वर नेताम, संरक्षक श्याम सुंदर सिन्हा और सलाहकार देवबती कोर्राम मौजूद रहे।

Also Read: मगरलोड में विशेष पिछड़ी कमार जनजाति को बैकयार्ड कुक्कुट इकाई का वितरण

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button