
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गौवंश तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। एसपी धमतरी के निर्देश पर थाना भखारा की टीम ने गौ-तस्करी में लिप्त सात आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा। उनके कब्जे से 29 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर भखारा पुलिस का एक्शन मोड ऑन
पूरा मामला 2 अगस्त का है। भखारा थाने को सूचना मिली कि कोलियारी मोड़ के पास कुछ लोग मवेशियों के साथ मारपीट कर रहे हैं और उन्हें क्रूरता पूर्वक पैदल ले जा रहे हैं। जैसे ही खबर मिली, वैसे ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर सात लोगों को मवेशियों के साथ तस्करी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

गाय, बछिया और बछवा
पुलिस ने मौके से कुल 29 मवेशियों को जब्त किया, जिनमें 24 गाय/बछिया और 5 बछवे शामिल हैं। सभी मवेशियों को तत्काल वेटनरी अस्पताल, भखारा में सुरक्षित पहुंचाया गया, ताकि उनका सही इलाज और देखरेख हो सके।
आरोपियों पर केस दर्ज, पहुंचाए गए जेल
गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ये रहे गिरफ्तार आरोपी
- बीरसिंह साहू, पिता धन्नूलाल साहू (34 वर्ष)
- सुखचैन निर्मलकर, पिता शिवनारायण निर्मलकर (40 वर्ष)
- नारायण सोनकर, पिता परदेशीराम सोनकर (60 वर्ष)
- उकेश कुमार साहू, पिता दुजराम साहू (42 वर्ष)
- दुष्यंत विश्वकर्मा, पिता इन्द्रकुमार विश्वकर्मा (22 वर्ष)
- नन्दकुमार साहू, पिता भोकलूराम साहू (53 वर्ष)
- सुरेश ठाकुर, पिता धुकेल ठाकुर (55 वर्ष)
ये सभी आरोपी ग्राम कौही, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग के रहने वाले हैं।
जब्त मवेशियों की कीमत कितनी?
पुलिस द्वारा जब्त किए गए मवेशियों की अनुमानित कुल कीमत करीब 1,40,000 रुपये आंकी गई है, जिसमें:
- गाय/बछिया (24 नग): ₹1,20,000
- बछवा (5 नग): ₹20,000
पुलिस की चेतावनी—गौ-तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा
भखारा पुलिस ने साफ कर दिया है कि गौ-तस्करी करने वालों पर अब सख्ती से निपटा जाएगा। एसपी के निर्देश पर जिले भर में ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है।




