
Shoaib Dhebar Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में नामजद आरोपी शोएब ढेबर घटना के बाद से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये के नकद इनाम की आधिकारिक घोषणा की है। पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल की ओर से यह आदेश जारी किया गया है।
तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी
Lawrence Bishnoi Gang Threat: पुलिस की ओर से जारी सूचना के अनुसार, तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 के तहत आरोपी शोएब ढेबर लगातार फरार चल रहा है। रायपुर पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली कोई भी सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।
सूचना देने के लिए पुलिस ने जारी किए आधिकारिक नंबर
Lawrence Bishnoi Gang Threat: शोएब ढेबर का पता बताने या उसके संबंध में गोपनीय जानकारी देने के लिए रायपुर पुलिस ने तीन संपर्क नंबर सार्वजनिक किए हैं। आम नागरिक इन नंबरों पर सीधे सूचना साझा कर सकते हैं:
- सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन): 94252-62002
- थाना प्रभारी (तेलीबांधा): 99074-71911
- निरीक्षक सतीश सिंह: 94061-17235
विदेशी नंबर से आई थी धमकी, 25 करोड़ की मांगी गई फिरौती
Shoaib Dhebar Case: पूरे मामले का खुलासा 14 सितंबर को हुआ था, जब पीड़ित आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक अज्ञात विदेशी नंबर से व्हाट्सएप संदेश आए। संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ बताया। उसने प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देते हुए 25 करोड़ रुपये की भारी रकम की मांग की थी।
साइबर सेल की जांच में नाम आया सामने, 5 आईफोन जब्त
Raipur Police Big Action: घटना की शिकायत मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी। जांच के दौरान शोएब ढेबर की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए करीब 5 लाख रुपये मूल्य के 5 महंगे आईफोन जब्त किए गए थे।
कोर्ट से राहत मिलने के बाद दोबारा गिरफ्तारी का आदेश
शुरुआती कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे तकनीकी आधार पर स्वतंत्र करने की अनुमति मिल गई थी। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 28 सितंबर को नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। अदालत से दोबारा गिरफ्तारी का वारंट मिलने के बाद से ही आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है।
दोबारा अपराध की आशंका, पुलिस ने तेज की तलाश
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी के बाहर रहने से दोबारा किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने या साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने की आशंका बनी हुई है। इसी वजह से उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की विशेष टीमें अब तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के नेटवर्क के जरिए उसकी घेराबंदी में जुटी हुई हैं।
Also Read: धमतरी के श्यामतराई के मकान में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस रेड के बाद ग्रामीणों ने किया हंगामा



