
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर के खिलाफ एक बार फिर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। ताजा मामला वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर के पास का है, जहां शुक्रवार रात करीब 10 बजे शोएब ने एक स्कूल संचालक आरबी मिश्रा की गाड़ी को टक्कर मार दी। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो शोएब ने बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप
शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा के अनुसार, वे विधायक कॉलोनी के निवासी हैं और विशेष बच्चों के लिए स्कूल चलाते हैं। 6 फरवरी की रात जब वे मंदिर दर्शन के बाद अपनी कार के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक एंडेवर कार ने उनकी गाड़ी को लापरवाही से चलाते हुए कट मारा और खरोंच लगा दी। जब उन्होंने चालक को टोकते हुए ठीक से गाड़ी चलाने की सलाह दी, तो कार सवार शोएब ढेबर ने आपा खो दिया और गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
जेल में भी कर चुका है अनुशासनहीनता
शोएब ढेबर का विवादों से पुराना नाता रहा है। पिछले साल अगस्त 2025 में उसने रायपुर जेल में बिना अनुमति मुलाकात कक्ष में घुसकर सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाई थीं। इस दौरान उसने जेल कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उस पर सख्त कार्रवाई करते हुए किसी भी कैदी से मिलने पर 3 महीने का प्रतिबंध लगा दिया था। उस वक्त भी जेल प्रहरी की शिकायत पर गंज थाने में शोएब के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
मारपीट और क्लबों में हंगामे का पुराना रिकॉर्ड
ऐसा पहली बार नहीं है जब शोएब पुलिस के रडार पर आया हो। सितंबर 2024 में रायपुर के जूक क्लब की पार्किंग में गाड़ी रिवर्स करने को लेकर उसका एक व्यापारी से विवाद हुआ था, जिसमें उसने मारपीट की थी। उस समय भी तेलीबांधा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके अलावा करीब 5 साल पहले वीआईपी रोड स्थित आईपी क्लब में हुए एक चर्चित गोलीकांड और मारपीट के मामले में भी शोएब ढेबर का नाम सामने आया था, जिसके बाद उसे मंदिर हसौद पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस कर रही है आरोपी की तलाश
तेलीबांधा पुलिस ने स्कूल संचालक की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल आरोपी शोएब ढेबर फरार बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा। शहर के रसूखदार परिवार से जुड़े होने के कारण इस मामले पर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज है।



