
Shweta Podda Shri RamBhoomi Film: छत्तीसगढ़ की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में मनोरंजन जगत से राज्य के लिए एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है। भिलाई की रहने वाली श्वेता पड्डा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अदाकारी की धाक जमा रही हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान मजबूत करने के बाद अब वे बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं के साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हैं। श्वेता को एक बड़े बजट की राष्ट्रीय फिल्म में बेहद महत्वपूर्ण किरदार मिला है।

दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के साथ फिल्म ‘श्रीरामभूमि’ में नजर आएंगी भिलाई की श्वेता
श्वेता पड्डा जाने-माने निर्देशक कामाख्या सिंह के निर्देशन में बन रही आगामी फिल्म ‘श्रीरामभूमि’ में एक मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म में वे भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकार अनुपम खेर, ऋत्विक भौमिक और अमृता खानविलकर जैसे बड़े नामचीन कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करती दिखाई देंगी। वर्तमान में इस फिल्म की मुख्य शूटिंग उत्तर प्रदेश के अयोध्या में चल रही है जहां श्वेता अपने हिस्से के दृश्यों की शूटिंग में व्यस्त हैं।

कड़े संघर्ष के बाद राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान, मेहनत और कला पर जताया भरोसा
मीडिया से बातचीत के दौरान श्वेता ने अपने अब तक के फिल्मी सफर के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों से आने वाले कलाकारों को मुंबई या राष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने के लिए काफी ज्यादा संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा भाग्य के बजाय अपने कर्म और कड़ी मेहनत पर भरोसा करती हैं। श्वेता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि वे अपनी कला के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम आगे बढ़ा रही हैं।



