
CG Silver Jubilee: छत्तीसगढ़ राज्य अपने गठन के 25 साल पूरे करने जा रहा है और इस खास मौके को राज्य सरकार पूरी धूमधाम से मनाने की तैयारी में जुट गई है। रजत जयंती वर्ष के आयोजन 15 अगस्त 2025 से शुरू होंगे और करीब छह महीने तक यानी 6 फरवरी 2026 तक चलेंगे। इस दौरान पूरे प्रदेश में सरकारी स्तर पर जश्न का माहौल रहेगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में हुई बड़ी बैठक, हर विभाग को मिला जिम्मा
इस आयोजन को लेकर राज्य शासन ने कमर कस ली है। धार्मिक, न्यास एवं धर्मस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए आयोजित की गई। इसमें सभी विभागों के सचिव, विभागाध्यक्ष, संभागायुक्त और जिला कलेक्टर शामिल हुए। बैठक में आयोजन की रूपरेखा और जिम्मेदारियों को लेकर निर्देश दिए गए।
GYAN थीम पर होंगे आयोजन – गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी होंगे फोकस में
रजत जयंती कार्यक्रमों की सबसे खास बात यह होगी कि ये GYAN थीम पर आधारित होंगे। यानी, गरीब (G), युवा (Y), अन्नदाता (A) और नारी (N) – इन चार वर्गों पर केंद्रित गतिविधियाँ होंगी। इन आयोजनों के ज़रिए सरकारी योजनाओं, सामाजिक भागीदारी और जनसामान्य की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम सिर्फ रायपुर या बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक हर जगह आयोजित किए जाएंगे। इससे जनगौरव और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी।

हर विभाग को मिला अपना ‘विशेष सप्ताह’, मंत्री करेंगे नेतृत्व
सरकार ने रजत जयंती वर्ष में सभी विभागों को एक-एक विशेष सप्ताह सौंपा है, जिसमें वो अपने-अपने विभागीय मंत्री के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसमें विभाग की योजनाएं, 25 वर्षों में हुए विकास कार्य और जनहित में किए गए प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा। पंचायत, जनपद, जिला और राज्य स्तर पर इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रम होंगे।
कुल मिलाकर 25 सप्ताह, 25 साल की कहानी
छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों की विकास यात्रा को 25 सप्ताह में पूरे राज्य के सामने लाने की योजना है। इन आयोजनों में सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की भागीदारी रहेगी। आम जनता से लेकर अधिकारी और जनप्रतिनिधि – हर कोई इस ऐतिहासिक सफर का हिस्सा बनेगा।
अब देखने वाली बात ये होगी कि सरकार इन आयोजनों को किस हद तक जनभागीदारी से जोड़ पाती है और कितनी प्रभावी तरीके से ‘GYAN’ थीम को जमीनी स्तर पर उतारा जाता है।



