Sindoor Park in CG: छत्तीसगढ़ में बनेगा ‘सिंदूर पार्क’, पहलगाम के मृतकों को दी जाएगी अनोखी श्रद्धांजलि

रायपुर: Sindoor Park in CG: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के दुर्गापाली गांव में एक खास पहल की जा रही है। यहां पहलगाम हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और शहीद जवानों की स्मृति में ‘सिंदूर पार्क’ तैयार किया जाएगा। इस पार्क में 501 सिंदूर के पेड़ लगाए जाएंगे। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस अनोखी योजना की जानकारी दी है।

11 अगस्त को होगा शुभारंभ, सीएम और भाजपा नेता रहेंगे मौजूद

सिंदूर पार्क का शुभारंभ 11 अगस्त को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों पौधरोपण के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। पार्क करीब 2.25 एकड़ भूमि में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य न केवल मृतकों को श्रद्धांजलि देना है, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण की दिशा में भी योगदान देना है।

‘गौधाम योजना’ को लेकर मिश्रा का बयान

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रदेश की गौधाम योजना को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की गौठान योजना ने गौसेवा को मजाक बना दिया था। इसके जवाब में वर्तमान सरकार गौधाम योजना लेकर आई है, जिसमें गौवंश को सुरक्षित स्थान देने की व्यवस्था की जा रही है। मिश्रा ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि गोवंश को सम्मानजनक और सुरक्षित माहौल मिले।

आदिवासी दिवस पर कांग्रेस को घेरा

विश्व आदिवासी दिवस के आयोजनों पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को लेकर भी मिश्रा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और देश में आदिवासी समाज को नेतृत्व देने का काम भाजपा ने किया है। राज्य में आदिवासी मुख्यमंत्री और मंत्री बने हैं, वहीं देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति भी मिली। मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को ये सब समझ नहीं आता, और वे हमेशा रोते रहते हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब उन्हें सुरमा भेजना पड़ेगा ताकि रोने में और सहूलियत हो।

पर्यावरण और सामाजिक भावना को जोड़ने वाली पहल

सिंदूर पार्क सिर्फ एक पर्यावरणीय कदम नहीं है, बल्कि यह भावनात्मक रूप से भी खास है। पेड़ों के माध्यम से मृतकों की याद को जीवित रखने और आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाने का उद्देश्य इस पहल के पीछे है। भाजपा विधायक की यह पहल अब सामाजिक चर्चा का विषय बन गई है।

Also Read: Vindhyavasini Temple Dhamtari: 35 साल बाद खुली धमतरी की रहस्यमयी बावली, श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाकर पाया पुण्य

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button