
Special Intensive Review: छत्तीसगढ़ में अब मतदाता सूची को और अधिक सटीक और त्रुटिरहित (Error-free) बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) यानी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है। इस प्रक्रिया के तहत हर मतदाता का नाम, पता और विवरण दोबारा जांचा जाएगा ताकि अगला विधानसभा चुनाव (2028) पूरी तरह अद्यतन और सही वोटर लिस्ट के साथ हो सके। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि यह अभियान राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक साथ चलेगा।
कल से घर-घर पहुंचेंगे BLO
4 नवंबर 2025 से बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी की जांच करेंगे। अगर किसी का नाम छूट गया है तो नया नाम जोड़ा जाएगा, किसी मतदाता का नाम दो बार है तो डुप्लिकेट हटाया जाएगा, और अगर कोई मतदाता अब जीवित नहीं है तो नाम हटाया जाएगा। SIR सर्वे से पहले टेबल टॉप एक्सरसाइज (पुरानी और नई वोटर लिस्ट का मिलान) पहले ही पूरी की जा चुकी है। अब BLO को फॉर्म 6, 7, 8 और 8A के साथ घर-घर भेजा जाएगा। हर BLO एक घर में तीन बार विजिट करेगा ताकि कोई पात्र मतदाता छूट न जाए।
SIR प्रक्रिया का टाइमलाइन
- 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025: प्रशिक्षण और तैयारी का चरण
- 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025: घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच
- 9 दिसंबर 2025: मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन
- 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026: दावे और आपत्तियाँ दर्ज करने का समय
- 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026: सुनवाई और सत्यापन प्रक्रिया
- 7 फरवरी 2026: अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी
मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया
मतदाता सूची को सोमवार रात 12 बजे से फ्रीज कर दिया गया है। अब किसी भी प्रकार का सुधार या नया नाम जोड़ना केवल SIR प्रक्रिया के जरिए ही संभव होगा।
मान्य दस्तावेजों की सूची
चुनाव आयोग ने मतदाता पंजीकरण के लिए 13 प्रकार के दस्तावेजों को मान्य किया है। हालांकि आयोग का कहना है कि करीब 95% मतदाताओं को किसी अतिरिक्त दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि उनके विवरण पहले से रिकॉर्ड में मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि मतदाता सूची का यह गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत करने का बड़ा कदम है।
छत्तीसगढ़ में वर्तमान मतदाता स्थिति
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में करीब 2 करोड़ 80 लाख मतदाता हैं।
1 जनवरी 2025 की मतदाता सूची के अनुसार:
- कुल मतदाता: 2,11,05,391
- पुरुष मतदाता: 1,04,27,842
- महिला मतदाता: 1,06,76,821
- तृतीय लिंग मतदाता: 728
राज्य का लिंगानुपात 1024 दर्ज किया गया है, जो देश के औसत से बेहतर है।
SIR प्रक्रिया का उद्देश्य
चुनाव आयोग का मानना है कि SIR सर्वे से मतदाता सूची की सटीकता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता में बड़ा सुधार होगा। यह कदम छत्तीसगढ़ में लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा।
Also Read: Aadhaar New Update: आधार कार्ड को लेकर बदले नियम, अब घर बैठे करें अपडेट



