CG Legislative Assembly Live: छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र का छठा दिन: बजट पर चर्चा और अनुदान मांगों पर बहस, अफीम कांड पर मचेगा घमासान, देखिये सीधा प्रसारण

CG Assembly Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही आज एक बार फिर शुरू हो चुकी है। अवकाश के बाद सदन का यह छठवां दिन काफी सरगर्मियों भरा है। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ सत्र का आगाज हो चूका है, जिसमें आगे सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। आज का मुख्य एजेंडा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा और उन्हें पारित करना है। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिवेदन भी सदन की मेज पर रखे जाएंगे।

सदन के पटल पर रखी जाएंगी कई विभागों की वार्षिक रिपोर्ट

प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद सदन की कार्यवाही विधायी कार्यों की ओर बढ़ेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, रामविचार नेताम व दयालदास बघेल महत्वपूर्ण दस्तावेज पटल पर रखेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ लोक सेवा आरक्षण अधिनियम का वार्षिक प्रतिवेदन और सहकारी संस्थाओं की ऑडिट रिपोर्ट शामिल है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग और स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन की वित्तीय रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। इन रिपोर्ट्स के जरिए विभिन्न विभागों के कामकाज का लेखा-जोखा सदन के सामने आएगा।

देखिये सीधा प्रसारण-

दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों से सरकार का ध्यान खींचेंगे विधायक

आज की कार्यसूची में दो प्रमुख ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी शामिल हैं। विधायक भावना बोहरा और ब्यास कश्यप जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। इन प्रस्तावों के जरिए सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि विशिष्ट समस्याओं पर अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही गोमती साय विभिन्न समितियों के प्रतिवेदनों को सदन में प्रस्तुत करेंगी। ध्यानाकर्षण के दौरान मंत्रियों के जवाबों पर विपक्ष की पैनी नजर रहेगी।

अनुदान मांगों पर बहस: पीडब्ल्यूडी और नगरीय प्रशासन का होगा इम्तिहान

सदन में आज सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा अनुदान मांगों पर चर्चा का होगा। डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा अपने विभागों से जुड़ी मांगों पर सदन में पक्ष रखेंगे। इसमें नगरीय प्रशासन एवं विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के बजट पर विस्तृत बहस होगी। सड़कों, पुलों के निर्माण और नगरीय निकायों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। विपक्ष इन विभागों में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और बजट के आवंटन को लेकर सरकार की घेराबंदी कर सकता है।

अफीम की खेती का मुद्दा: कांग्रेस ने तैयार की सरकार की घेराबंदी

सियासी लिहाज से आज सबसे बड़ा मुद्दा दुर्ग जिले में भाजपा नेता के खेत में मिली अफीम की खेती का रहने वाला है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सरकार पर हमलावर रुख अपना रखा है। विपक्षी दल प्रश्नकाल से ही इस मुद्दे को उठाकर सदन की कार्यवाही को बाधित कर सकता है। कांग्रेस का आरोप है कि रसूखदारों के संरक्षण में नशे का यह काला कारोबार फल-फूल रहा है। इस मुद्दे पर सदन के भीतर भारी शोर-शराबे और गहमागहमी की पूरी संभावना जताई जा रही है।

बजट की बारीकियों पर नजर और आगामी रणनीति

बजट सत्र के इस चरण में सरकार की कोशिश है कि विनियोग विधेयक से पहले सभी प्रमुख विभागों की अनुदान मांगों को चर्चा के बाद पारित करा लिया जाए। हालांकि, विपक्ष अफीम कांड और किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार को बैकफुट पर धकेलने की कोशिश में है। सदन में आज मंत्रियों के कौशल की परीक्षा होगी कि वे किस तरह विपक्ष के तीखे हमलों का जवाब देते हैं और अपने विभागों के बजट प्रस्तावों को सुरक्षित रखते हैं।

Also Read: धान पर घमासान: भूपेश बघेल ने बेची 40 लाख की धान, बीजेपी बोली- 9 लाख से ज्यादा मिला बोनस की राशि, फिर विरोध क्यों

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button