
कांग्रेस पार्टी ने नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए दिल्ली में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम में देश के अलग अलग राज्यों से आए जिलाध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।
कई राज्यों के प्रतिनिधि ले रहे भाग
इस प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा और तमिलनाडु के जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हैं। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हो रहा है, जबकि इसे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का मार्गदर्शन मिल रहा है।
राहुल गांधी से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को संबोधित करेंगे और उनसे सीधे बातचीत भी करेंगे। इस वन टू वन संवाद में जिलाध्यक्ष अपने अपने क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, संगठन की कमजोरियों और आने वाले समय की रणनीति पर खुलकर राय रखेंगे।
संगठन को मजबूत करने पर फोकस
ट्रेनिंग सत्रों में बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने, मीडिया से तालमेल, प्रभावी संवाद, सोशल मीडिया अभियान, डिजिटल रणनीति, जनसंपर्क और जन आंदोलनों जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। इस एक दिवसीय कार्यक्रम को प्रारंभिक प्रशिक्षण के रूप में रखा गया है।
आगे होगा आवासीय प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस ने तय किया है कि इसके बाद सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के लिए दस दिन का विस्तृत और आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसकी तारीखें और पूरा कार्यक्रम एक दिवसीय ट्रेनिंग से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर जल्द घोषित किया जाएगा।
Also Read: Raipur to Dhamtari Train: रायपुर से धमतरी रेल सेवा: अब ₹100 की जगह मात्र ₹15 में होगा सफर, अभनपुर, कुरूद से गुजरेगी ट्रेन



