
रायपुर: Navratri New Rule: नवरात्रि पर्व को देखते हुए रायपुर में प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने मिलकर सख्त नियम तय किए हैं। सर्व हिंदू समाज ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट कहा है कि माता पंडालों में किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ज्ञापन पर सहमति जताते हुए प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी।

पंडालों में मूर्तियों को लेकर दिशा-निर्देश
सर्व हिंदू समाज ने ज्ञापन में मांग की है कि नवरात्रि में स्थापित की जाने वाली मूर्तियां परंपरागत स्वरूप की ही हों। AI जनरेटेड, कार्टूननुमा या छोटे कपड़ों वाली मूर्तियों पर पूरी तरह रोक रहेगी। केवल वही प्रतिमाएं स्थापित होंगी, जिनमें माता दुर्गा सिंह पर सवार होकर दसों भुजाओं में अस्त्र-शस्त्र धारण किए हुए हों।
शराब और अश्लीलता पर पूरी तरह प्रतिबंध
संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि माता पंडाल, ज्वारा विसर्जन और प्रतिमा विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजनों में शराब पीकर आने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर आता है या पंडालों में अश्लील गाने और नृत्य पाए जाते हैं, तो संबंधित समिति पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निगरानी के लिए समिति का गठन
सर्व हिंदू समाज ने मांग की है कि एक संयुक्त समिति बनाई जाए, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों दोनों की भागीदारी हो। यह समिति पंडालों में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई कर सकेगी। इस पर एसपी ने सहमति दी है।

सोमवार को होगी अहम बैठक
इस पूरे विषय पर सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों और सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों की समिति के साथ बैठक होगी। इसमें पंडाल समितियों को भी बुलाया जाएगा और स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे कि नवरात्रि उत्सव पूरी तरह भक्ति, मर्यादा और शांति के माहौल में संपन्न हो।



