
रायपुर। रक्षाबंधन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस सिलेंडर पर मिलने वाली ₹300 की सब्सिडी को वित्तीय वर्ष 2025-26 तक जारी रखने का फैसला किया है। केंद्र सरकार के इस फैसले का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत करते हुए इसे देश की करोड़ों बहनों के लिए “सच्चा उपहार” बताया।
10 करोड़ से ज्यादा परिवारों को होगा सीधा लाभ
PM Gift on Rakshabandhan: मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार की इस योजना से उज्ज्वला योजना के तहत पंजीकृत 10.33 करोड़ परिवारों को राहत मिलेगी। इस फैसले पर केंद्र ₹12,000 करोड़ रुपए खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की महंगाई से जूझ रहीं महिलाओं को इससे सीधी राहत मिलेगी और उनका घरेलू बजट संतुलित रहेगा।
छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भी लाखों महिलाएं उज्ज्वला योजना के तहत पंजीकृत हैं, जिन्हें अब सिलेंडर पर ₹300 की राहत मिलेगी। उन्होंने इसे गरीब, ग्रामीण और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने वाला कदम बताया।
माताओं-बहनों की रसोई की चिंता समझी सरकार ने
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि माताएं और बहनें हर परिवार की रीढ़ होती हैं। केंद्र सरकार ने उनकी मेहनत और जिम्मेदारी को समझते हुए यह फैसला लिया है, जो उनके स्वास्थ्य और सुविधा दोनों का ध्यान रखता है। उन्होंने कहा कि यह फैसला जनकल्याण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय दिखाता है कि केंद्र सरकार महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।



