Surguja Mobile Battery Blast: खेलते-खेलते अचानक फटा मोबाइल की बैटरी, एक साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौt

Surguja Mobile Battery Blast: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल की एक पुरानी बैटरी फटने की वजह से एक साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। इस खौफनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया है और उसे अंतिम संस्कार के लिए माता-पिता को सौंप दिया है।

बच्चों को खेलते समय कहीं से मिली थी खराब बैटरी

यह पूरा दुखद घटनाक्रम प्रेमनगर इलाके के ब्रह्मपुर गांव का है। गांव में रहने वाले महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय बेटा आदित्य सिंह 31 मई की शाम को अपने भाई-बहनों और पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं से मोबाइल की एक पुरानी, फूली हुई और पूरी तरह खराब हो चुकी बैटरी मिल गई। नासमझ बच्चे उस बैटरी को ही खिलौना समझकर उसके साथ खेलने लगे और उसे आपस में बदलने लगे।

अचानक हुए जोरदार धमाके की चपेट में आया मासूम

शाम को करीब 5:00 बजे जब बच्चे खेल में मग्न थे, तभी अचानक उस पुरानी बैटरी में एक जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि उसकी सीधी चपेट में सबसे छोटा बच्चा आदित्य आ गया। बैटरी के परखच्चे उड़ने के साथ ही उसमें से निकली आग और केमिकल की वजह से मासूम आदित्य का चेहरा, सीना, पेट और दोनों हाथ बहुत बुरी तरह से झुलस गए। धमाके की आवाज और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर घर के भीतर से परिजन दौड़ते हुए बाहर आए।

तीन अस्पतालों के चक्कर काटने के बाद भी नहीं बची जान

परिजन खून से लथपथ और झुलसे हुए बच्चे को तुरंत नजदीकी प्रेमनगर अस्पताल लेकर भागे। वहां के डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और उसे बेहतर इलाज के लिए सूरजपुर जिला अस्पताल भेज दिया। सूरजपुर में भी मासूम की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे आदित्य ने 1 जून की सुबह करीब 4:00 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच, सतर्कता की अपील

अस्पताल प्रबंधन की ओर से मिली जानकारी के बाद प्रेमनगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और उन परिस्थितियों को समझने की कोशिश की जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने दुर्घटनावश हुई मौत का मामला दर्ज कर पूरी जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में मौजूद पुराने मोबाइल, पावर बैंक या लिथियम बैटरियों को कचरे में या बच्चों की पहुंच वाली जगहों पर न छोड़ें।

Also Read: Kurud Gas Cylinder Blast: कुरूद में गैस सिलेंडर ब्लास्ट: धमाके से दहला सिरसा चौक, घर का सामान खाक

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button