एक साल में ठप पड़ी सरगुजा की हवाई सेवा: फ्लाई बिग ने बंद किया संचालन, ₹5999 तक पहुंचा किराया

छत्तीसगढ़ के सरगुजा अंचल को रायपुर और बिलासपुर से जोड़ने वाली हवाई सेवा एक साल भी नहीं चल सकी। दरिमा एयरपोर्ट से शुरू हुई यह उड़ान सेवा अब पूरी तरह बंद हो चुकी है। संचालन कर रही फ्लाई बिग कंपनी ने उड़ानें रोक दी हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है।

दिसंबर 2024 में हुई थी शुरुआत

यह हवाई सेवा उड़ान योजना 4.2 के तहत 19 दिसंबर 2024 को शुरू की गई थी। शुरुआत में इसे सरगुजा के लिए बड़ी उपलब्धि माना गया। सेवा के तहत रायपुर और बिलासपुर के लिए सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को उड़ानें तय की गई थीं।

शुरुआती उत्साह, फिर भरोसा टूटा

शुरुआती दिनों में यात्रियों की अच्छी संख्या देखने को मिली और ज्यादातर उड़ानें भरी रहीं। धीरे-धीरे उड़ानों की अनियमितता सामने आने लगी। तय समय पर जानकारी नहीं मिलना और बार-बार उड़ान रद्द होने से यात्रियों का भरोसा कमजोर पड़ने लगा।

999 से बढ़कर 5999 रुपये तक पहुंचा किराया

किराए में लगातार बढ़ोतरी ने भी यात्रियों को दूर किया। शुरुआत में 999 रुपये में मिलने वाला टिकट पहले 1999 रुपये हुआ और बाद में 5999 रुपये तक पहुंच गया। साथ ही मौसम और तकनीकी कारणों का हवाला देकर उड़ानें रद्द होती रहीं, जिससे बुकिंग पर असर पड़ा।

योजना की खामियां भी आईं सामने

हवाई सेवा के प्रभावित होने की एक बड़ी वजह योजना में अदूरदर्शिता भी रही। उड़ानों का रूट रायपुर–अंबिकापुर–बिलासपुर रखा गया, लेकिन अंबिकापुर और बिलासपुर के बीच हवाई यात्रा के लिए यात्रियों की मांग नहीं दिखी। ऐसे में यह रूट व्यावहारिक साबित नहीं हो सका और घाटा बढ़ता गया।

जून 2025 के बाद सेवा लगभग ठप

जून 2025 में बारिश के चलते उड़ानें लगभग बंद हो गई थीं। दीपावली के आसपास केवल पांच उड़ानों का संचालन किया गया, लेकिन इसके बाद सेवा दोबारा शुरू नहीं हो सकी। नियमानुसार कंपनी को 29 अक्टूबर तक विंटर शेड्यूल जमा करना था, लेकिन शेड्यूल न देने से साफ हो गया कि फ्लाई बिग संचालन जारी नहीं रखना चाहती। अब क्षेत्रवासियों की नजर किसी नई एयरलाइन पर टिकी है।

नेताओं की प्रतिक्रिया भी आई सामने

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने हवाई सेवा बंद होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सेवा सिर्फ खानापूर्ति के लिए शुरू की गई थी, इसलिए इसका बंद होना बेहतर है। वहीं, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि इंडिगो एयरलाइंस के साथ दो बार बैठक हो चुकी है और उम्मीद है कि जल्द ही नई और भरोसेमंद हवाई सेवा की शुरुआत होगी।

Also Read: पं. प्रदीप मिश्रा की कथा में ‘पैसे’ का क्लेश: सवा करोड़ की डील पर टेंट संचालक ने उखाड़ा डोम, पुलिस के हस्तक्षेप से टला बड़ा हादसा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button