Suvendu Adhikari PA Murder: बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद खूनी खेल: सुवेंदु अधिकारी के पीए की सरेआम हत्या, 4 गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद शुरू हुआ हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोलकाता के मध्यमग्राम इलाके में बुधवार रात भाजपा के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल पर आए थे और उन्होंने चंद्रनाथ को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

मध्यमग्राम में स्कॉर्पियो पर हमला, टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगा आरोप

यह वारदात उस समय हुई जब चंद्रनाथ रथ एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके से गुजर रहे थे। घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और करीब 4 राउंड फायरिंग की। गोलियां लगने से चंद्रनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। भाजपा ने इस हत्याकांड का सीधा आरोप तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं पर लगाया है। गौरतलब है कि चंद्रनाथ रथ चुनाव के दौरान सुवेंदु अधिकारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रचार में जुटे थे। सूचना मिलते ही मध्यमग्राम और एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

दो दिन में पांच हत्याएं, बंगाल में बेकाबू हुई हिंसा की आग

4 मई को आए चुनाव परिणामों के बाद से पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में राजनीतिक हिंसा की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। पिछले महज 48 घंटों के भीतर राज्य में सुवेंदु के पीए सहित कुल 5 लोगों की जान जा चुकी है। मरने वालों में भाजपा और टीएमसी दोनों ही पार्टियों के 2-2 कार्यकर्ता शामिल हैं। हिंसा का आलम यह है कि मंगलवार रात कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भीड़ ने टीएमसी के दफ्तर को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। वहीं, संदेशखाली में गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर भी उपद्रवियों ने हमला किया, जिसमें पांच जवान घायल हुए हैं। प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन तनाव कम होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं।

Also Read: West Bengal Election Result: बंगाल में सियासी घमासान: बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद भी ममता का इस्तीफा देने से इनकार, जानें अब राज्यपाल के पास क्या हैं रास्ते?

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button