
भखारा (धमतरी) धमतरी और दुर्ग जिले की सीमा पर बहने वाली खारून नदी के पानी में शनिवार (27 सितंबर) को नहाते वक्त बहे युवक का शव 72 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। युवक का शव घटना स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी किनारे मिला है। रानीतराई पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

दोस्तों के मना करने पर भी नदी में उतरा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को पचपेड़ी निवासी सोहन निषाद (30 वर्ष) अपने तीन दोस्तों—टोमेश्वर यादव, पंकज यादव, और बबलू साहू—के साथ माता के श्रृंगार का सामान लेने रानीतराई गया था।
- लौटते वक्त सोहन निषाद ने खारून नदी में नहाने की इच्छा जताई।
- दोस्तों के मना करने के बावजूद सोहन अकेले नदी में नहाने उतर गया।
- नहाते समय वह तेज बहाव में बहने लगा और गहरे पानी में चला गया।

दोस्तों ने तुरंत घटना की जानकारी सोहन के पिता उत्तम निषाद को दी, जिसके बाद भखारा थाना में इसकी सूचना दी गई।
72 घंटे बाद मिली सफलता
सूचना मिलते ही भखारा थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और गोताखोरों के माध्यम से सोहन की तलाश शुरू की गई। पानी का बहाव तेज होने के कारण शुरुआत में गोताखोरों को सफलता नहीं मिल पाई।
आशंका थी कि सोहन बहकर आगे निकल गया होगा। आखिरकार, घटना के 72 घंटे बाद सोहन की लाश भखारा थाना क्षेत्र से लगभग 3 किलोमीटर दूर रानीतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी के किनारे मिली। पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Also Read: गंगरेल बांध का जलस्तर बढ़ा, चार गेट खोले गए, 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया



