
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। पेंड्रा निवासी रमेश साहू के बेटे अंकित साहू पढ़ाई के लिए अमेरिका के मिलवोकी गए थे। सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने के बाद वह वहीं एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगे। इसी दौरान उनकी मुलाकात मिस कायला से हुई, जो पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर हैं और वहां पार्ट्स डिजाइन का काम करती हैं। दोनों के बीच शुरू हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
अमरकंटक में हुई भव्य शादी
अंकित और कायला ने आपसी सहमति के बाद अपने परिवारों को इस रिश्ते के लिए मनाया। आखिरकार 5 फरवरी को दोनों का विवाह संपन्न हुआ। शादी का आयोजन अमरकंटक के एक निजी रिसॉर्ट में किया गया। खास बात यह रही कि अमेरिकी दुल्हन कायला ने पूरी तरह भारतीय और छत्तीसगढ़ी परंपराओं का सम्मान करते हुए शादी की रस्में निभाईं। सात फेरों और मंत्रोच्चार के बीच हुई इस शादी ने दो अलग-अलग संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरो दिया।
वधू पक्ष से आए डेढ़ दर्जन मेहमान
इस अंतरराष्ट्रीय विवाह में शामिल होने के लिए दुल्हन के परिवार और दोस्तों सहित करीब 18 लोग अमेरिका से भारत पहुंचे। विदेशी मेहमानों के लिए छत्तीसगढ़ का खान-पान और यहां के रीति-रिवाज आकर्षण का केंद्र रहे। दूल्हा और दुल्हन दोनों के पक्ष के लोग इस मिलन से बेहद खुश नजर आए। वधू पक्ष के लोगों ने भी भारतीय परिधान पहनकर शादी का भरपूर लुत्फ उठाया और स्थानीय लोगों के साथ फोटो खिंचवाने का सिलसिला भी घंटों चलता रहा।
सोशल मीडिया पर छाया देसी-विदेशी मिलन
सोशल मीडिया पर इस शादी के वीडियो और तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं। लोग इस जोड़े को बधाई दे रहे हैं और भारतीय संस्कृति के प्रति विदेशी दुल्हन के लगाव की सराहना कर रहे हैं। अंकित और कायला की यह जोड़ी मिसाल बन गई है कि प्यार की कोई सीमा नहीं होती। शादी के बाद अब यह जोड़ा वापस अमेरिका लौटेगा, लेकिन पेंड्रा में हुई इस पारंपरिक शादी की यादें दोनों परिवारों और स्थानीय लोगों के लिए हमेशा यादगार रहेंगी।



