
Dhamtari News: धमतरी जिले के गंगरेल बांध में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोगों ने पानी में किसी बड़े जानवर का शव तैरते देखा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी।
जैसे ही विभाग की टीम पहुंची और शव को बाहर निकाला गया, तब पता चला कि वह नीलगाय का शव है।
नाव से निकाला गया शव, 5 साल का नर नीलगाय
डिप्टी रेंजर आर.के. तिवारी ने जानकारी दी कि उन्हें सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी। टीम ने नाव की मदद से नीलगाय के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया गया है कि यह एक लगभग 5 साल का नर नीलगाय है। फिलहाल उसके शरीर पर किसी प्रकार की चोट या हिंसक हमले के निशान नहीं मिले हैं।
कुत्तों के डर से भागा और जा गिरा पानी में?
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सिलतरा और नकटी देऊर मंदिर क्षेत्र की ओर से जानवर जंगल की तरफ आए होंगे और कुत्तों द्वारा पीछा किए जाने पर नीलगाय घबराकर बांध में कूद गया होगा। संभावना है कि नीलगाय तैर नहीं पाया और डूबकर उसकी मौत हो गई। हालांकि, अभी तक मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि असली कारण रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। वन विभाग अब क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो।
गंगरेल बांध के आसपास वन्यजीवों की बढ़ी आवाजाही
गौरतलब है कि गंगरेल बांध और आसपास के क्षेत्र में हाल के दिनों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ी है। पानी और जंगल दोनों होने की वजह से जानवर अक्सर गांवों की ओर भी भटक जाते हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा और निगरानी भी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
फिलहाल जांच जारी है और वन विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ही बताएगी कि क्या ये महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।
Also Read: Social Media Viral Post: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का खेत में नया अंदाज़, कुर्सी पर बैठकर धान रोपते हुए हुईं ट्रोल, सोशल मीडिया पर बरसे कमेंट्स



