
रायपुर: राजधानी रायपुर के अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) परिसर में शुक्रवार की सुबह भ्रूण मिलने के मामले में पुलिस ने अपनी जाँच तेज कर दी है। पुलिस ने अस्पताल परिसर के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है और फुटेज के आधार पर दो महिला और दो पुरुषों की तलाश शुरू की है। फुटेज में बुर्के वाली महिलाओं को संदिग्ध गतिविधि करते हुए देखा गया है। जिस जगह ये महिलाएँ आकर रुकी थीं, ठीक उसी जगह से पुलिस को भ्रूण बरामद हुआ है।
अलग-अलग गाड़ियों से आए थे संदिग्ध
पुलिस की जाँच में यह बात सामने आई है कि दोनों महिलाएँ अपने साथ आए पुरुषों के साथ अलग-अलग गाड़ियों से अस्पताल पहुँची थीं। ये सभी अस्पताल परिसर में लगभग तीन मिनट तक रुके और फिर तुरंत वहाँ से रवाना हो गए। फुटेज के अनुसार, ये संदिग्ध केवल डस्टबिन के आस-पास ही मंडरा रहे थे और सुबह परिसर में प्रवेश करने के दौरान इन्होंने अस्पताल के किसी भी व्यक्ति से मुलाकात नहीं की थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौदहापारा पुलिस ने अस्पताल परिसर के चार कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। वहीं, इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।



