
राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। इस बार सुरक्षा में बड़ी सेंध लगाते हुए एक युवती ने जेल के भीतर मुलाकाती कक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। युवती अपने बॉयफ्रेंड का जन्मदिन मनाने जेल पहुंची थी। वीडियो में वह कहती नजर आ रही है कि आज उसकी ‘जान’ का जन्मदिन है और वह उससे मिलने जा रही है। मुलाकात के बाद उसने फिल्मी गानों के साथ कैदी का रिएक्शन वाला वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मोबाइल के साथ एंट्री ने खोली लापरवाही की पोल
जेल के नियमों के मुताबिक किसी भी मुलाकाती को अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होती है। ऐसे में युवती का फोन के साथ अंदर पहुंचना और बेखौफ होकर वीडियो बनाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक मानी जा रही है। जानकारी के अनुसार जेल में बंद कैदी का नाम तारकेश्वर है। चर्चा है कि वह नशीले पदार्थों की तस्करी (NDPS) के मामले में सजा काट रहा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या गेट पर मौजूद प्रहरियों ने तलाशी नहीं ली या फिर युवती को किसी विशेष मिलीभगत के चलते अंदर जाने दिया गया।
पहले भी विवादों से रहा है गहरा नाता
रायपुर सेंट्रल जेल में यह पहली बार नहीं है जब सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ी हों। इससे पहले एक कैदी का जेल के अंदर कसरत (जिम) करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। उस समय आरोपी ने जेल परिसर के भीतर अपने साथियों के साथ सेल्फी भी ली थी। उस मामले में गाज गिरते हुए एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया था। बार-बार इस तरह की घटनाओं का सामने आना यह दर्शाता है कि कड़ाई के बावजूद जेल के भीतर प्रतिबंधित सामान आसानी से पहुंच रहा है।
जेल के भीतर गैंगवार और संदिग्ध मौतों का इतिहास
सेंट्रल जेल की फाइलों को पलटें तो यहां विवादों की एक लंबी सूची नजर आती है। नवंबर 2022 में यहां दो गुटों, रक्सेल गैंग और रफीक गैंग के बीच खूनी संघर्ष हुआ था जिसमें कांच और चम्मच को हथियार बनाकर हमला किया गया था। वहीं अगस्त 2023 में एक कैदी पवन यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने जेल प्रबंधन पर प्रताड़ना और लापरवाही के संगीन आरोप लगाए थे। इन घटनाओं ने समय-समय पर जेल प्रशासन की छवि को धूमिल किया है।
जांच के घेरे में जेल प्रबंधन
ताजा वीडियो वायरल होने के बाद अब जेल मुख्यालय ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि जिस समय यह वीडियो बनाया गया, उस वक्त मुलाकाती कक्ष में किस प्रहरी की ड्यूटी थी। सीसीटीवी फुटेज के जरिए भी युवती के प्रवेश और निकास की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही कुछ सुरक्षाकर्मियों पर कड़ी विभागीय कार्रवाई हो सकती है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Also Read: रायपुर जेल में बंद के कैदी को 700 गीता श्लोक कंठस्थ, वासुदेव चौहान बने देश के पहले ‘गीता-व्रती’ बंदी



