
रायपुर: CG Mitanin Protest: छत्तीसगढ़ में मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर चल रही मितानिनों की हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मंगलवार को प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ और प्रशिक्षक कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया से मुलाकात की। इस दौरान सचिव ने भरोसा दिलाया कि मितानिनों की राशि में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है।
प्रशिक्षकों और समन्वयकों के मानदेय पर भी चर्चा
CG Mitanin Protest News: बैठक में आरओपी (RoP) को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। इसमें प्रशिक्षकों के लिए 16 रुपये प्रतिदिन, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर के लिए 23 रुपये प्रतिदिन और ब्लॉक समन्वयकों के लिए 1875 रुपये प्रतिमाह मानदेय तय करने पर सकारात्मक बातचीत हुई।

SHSRC के माध्यम से होगा संचालन
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि पहले जिस संस्था के जरिए मितानिन कार्यक्रम का संचालन होता था उसका कार्यकाल समाप्त हो चुका है। अब भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार स्टेट हेल्थ सोसायटी रिसोर्स सेंटर (SHSRC) का गठन किया गया है। इसकी सामान्य सभा के अध्यक्ष स्वास्थ्य सचिव होंगे, जबकि कार्यकारी समिति की जिम्मेदारी स्वास्थ्य आयुक्त को दी गई है। आने वाले समय में इसी के माध्यम से मितानिन कार्यक्रम का संचालन होगा।
बैठक में कौन-कौन रहे मौजूद
आज हुई बैठक में प्रदेश स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त सह मिशन संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला और मितानिन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अजय शंकर कन्नौजे मौजूद रहे। वहीं, संघ की ओर से प्रदेश प्रतिनिधियों ने अपनी बातें रखीं।



