
Drive in Movie: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मनोरंजन का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। नवा रायपुर के सेंध लेक ग्राउंड में अब हर वीकेंड पर ‘ड्राइव-इन मूवी’ का मजा लिया जा सकेगा। इसका मतलब है कि अब आपको थिएटर की कुर्सी पर बैठने की जरूरत नहीं है बल्कि आप अपनी कार के भीतर बैठकर ही बड़ी स्क्रीन पर फिल्म देख पाएंगे। रायपुर के एमएसएमई समूह ‘द फरेबिस’ द्वारा आयोजित यह पहला शो रविवार 21 दिसंबर को होगा। इसके बाद हर शनिवार-रविवार और विशेष त्योहारों पर इसी तरह के शो लगातार आयोजित किए जाएंगे।

पहले दिन इन सुपरहिट फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
शुरुआत के लिए आयोजकों ने बॉलीवुड की दो सबसे बड़ी सदाबहार फिल्मों को चुना है। पहला शो शाम 5.45 बजे शुरू होगा जिसमें ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ दिखाई जाएगी, जो अपनी रिलीज के 30 साल पूरे कर रही है। इसके बाद रात 10.25 बजे ‘मोहब्बतें’ फिल्म की स्क्रीनिंग होगी, जो अपनी सिल्वर जुबली मना रही है। आयोजकों का मानना है कि खुले आसमान के नीचे इन रूमानी फिल्मों का अनुभव दर्शकों के लिए यादगार साबित होगा।
कैसे काम करेगा यह सिस्टम? जानें सुविधाएं
Technology. फिल्म देखने के अनुभव को खास बनाने के लिए यहां अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। विशाल एलईडी स्क्रीन पर फिल्म चलेगी लेकिन उसका साउंड सिस्टम थोड़ा अलग होगा।
- ऑडियो सिस्टम: फिल्म की आवाज आपके कार के एफएम रेडियो पर सीधे प्रसारित होगी। आप अपनी कार के साउंड सिस्टम से क्रिस्टल क्लियर आवाज सुन सकेंगे।
- विकल्प: इसके अलावा वहां ओपन साउंड सिस्टम की भी सुविधा रहेगी।
- फूड सुविधा: दर्शकों को अपनी कार से बाहर निकलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। चाइनीज और कॉन्टिनेंटल खाने के साथ कोल्ड ड्रिंक्स सीधे आपकी कार तक पहुंचाई जाएंगी।
टिकट बुकिंग और प्रवेश के कड़े नियम
इस इवेंट की टिकट प्रति कार के हिसाब से तय की गई है। एक कार में कितने भी लोग बैठ सकते हैं, इसके लिए कोई अलग से शुल्क नहीं देना होगा। बुकिंग ‘Find Your Wibe’ प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन की जा सकती है या फिर सीधे मौके पर भी टिकट मिल सकते हैं। सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए कुछ कड़े नियम भी लागू किए गए हैं:
- समय: पहले शो के लिए गेट शाम 4 बजे और दूसरे शो के लिए रात 9.15 बजे खुलेंगे।
- पाबंदी: बाहर का खाना या पालतू जानवर लाने की अनुमति नहीं होगी।
- अनुशासन: नशे की हालत में आने वाले व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में नए तरह के टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
द फरेबिस ग्रुप के फाउंडर अनंता जायसवाल और मयंक वर्मा का कहना है कि यह आयोजन केवल फिल्मों तक सीमित नहीं है। आने वाले समय में यहां बड़े म्यूजिक कंसर्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। नवा रायपुर में इस तरह के आयोजन से स्थानीय पर्यटन को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए मनोरंजन का एक नया विकल्प तैयार होगा। प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए इसे एक फैमिली फ्रेंडली इवेंट बनाने की पूरी कोशिश की गई है।
Also Read: Raipur Flyover Project: रायपुर के GE रोड फ्लाईओवर को 173 करोड़ की मंजूरी, जाम से मिलेगी राहत



