युवाओं ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन: स्कूलों की मरम्मत में ‘भारी भ्रष्टाचार’: 15 दिन में कार्रवाई न होने पर पूर्ण नग्न प्रदर्शन की चेतावनी

भानुप्रतापपुर: Durgkondal News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गकोंदल विकासखंड में स्कूल मरम्मत के काम में भारी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। क्षेत्र के युवाओं ने शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से नाराज़ होकर आज अर्धनग्न प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर मामले की जाँच कर दोषी ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे पूर्ण नग्न प्रदर्शन करेंगे।

₹6.63 करोड़ आवंटित, लेकिन काम सिर्फ 25%

प्रदर्शनकारी युवाओं ने बताया कि दुर्गकोंदल विकासखंड में कुल 163 स्कूलों की मरम्मत के लिए ₹6 करोड़ 63 लाख की बड़ी राशि आवंटित की गई थी। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि इसमें से सिर्फ 25% मरम्मत कार्य ही किया गया है। युवाओं का आरोप है कि ठेकेदारों ने सभी कार्यों को पूरा दिखाकर आवंटित पूरी राशि का भुगतान हासिल कर लिया है। निर्माण कार्य अधूरे होने के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं को जर्जर और असुरक्षित भवनों में पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है।

कई बार प्रदर्शन के बाद भी प्रशासन मौन

युवाओं ने बताया कि वे इस भारी भ्रष्टाचार के खिलाफ पहले भी लगातार कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे नाराज होकर आज युवाओं ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया और मामले की जाँच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम दुर्गूकोंदल तहसीलदार को एक ज्ञापन भी सौंपा है।

Also Read: छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्ति का बड़ा खुलासा, जानिए कैसे आयोग सचिव के फर्जी लेटर से हुआ बड़ा खेल ? मंत्री भी हैरान!

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button