कुरुद चंडी माता मंदिर में चोरी, लाखों के आभूषण और दान पेटी पार, धमतरी जिले में लगातार 6 मंदिरों में हो चुकी है चोरी

धमतरी के कुरूद इलाके से एक बार फिर से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के प्रसिद्ध चंडी माता मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई है। चोरों ने माता के श्रृंगार के लिए रखे सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण और दान पेटी को साफ कर दिया। खास बात ये है कि ये मंदिर कुरूद थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर निकल गए।

माता का मुकुट, हार और चरण पादुका सब ले गए चोर

Kurud Temple Theft: चोरी का खुलासा सुबह मंदिर के पुजारी के आने पर हुआ। जब उन्होंने मंदिर में ताले टूटे देखे और गर्भगृह में माता के आभूषण नदारद पाए, तब पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, सोने का रानी हार, मुकुट, कुंडल, बिंदिया और चांदी की चरण पादुका समेत दान पेटी से नकदी ले जाई गई है। ये सब मिलाकर लाखों रुपए की चोरी मानी जा रही है।

CCTV में कैद हुआ चोर, जांच में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची। मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक चोर की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। एसडीओपी रागिनी तिवारी ने जानकारी दी कि चोरी के मामले में डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है, जांच तेजी से चल रही है। लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

15 दिन में 6 मंदिरों को बनाया गया निशाना

ये पहली घटना नहीं है। धमतरी जिले में बीते कुछ दिनों में कुल 6 मंदिरों में चोरी हो चुकी है। इससे पहले छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर, राम मंदिर, नागेश्वर मंदिर, काली मंदिर और सिद्धेश्वर महादेव मंदिर भी चोरों के निशाने पर आ चुके हैं। राम मंदिर से चरण पादुका, नागेश्वर मंदिर से दान पेटी, और अन्य मंदिरों से नकदी चुराई गई है।

कुछ मामलों में चोर दान पेटी को मंदिर के पीछे फेंक देते हैं और उसमें से पैसे निकाल ले जाते हैं। इससे साफ है कि चोरों का गैंग इलाके में सक्रिय है और सिर्फ मंदिरों को ही निशाना बना रहा है।

श्रद्धालुओं में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

लगातार हो रही मंदिरों में चोरी की घटनाओं से स्थानीय श्रद्धालु और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। थाने के इतने पास मंदिर होने के बावजूद चोरी होना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करता है।

सवाल ये हैं…

  • आखिर चोर इतने बेखौफ क्यों हैं?
  • क्या मंदिरों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता में नहीं है?
  • लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी क्यों नहीं?

Also Read: CCTV Video: कुरुद के छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में चोरी, 55 किलो की दानपेटी घसीट ले गया चोर, CCTV में कैद हुआ चोरी की वारदात

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button