छत्तीसगढ़ में SIR पर मचा घमासान, भूपेश बघेल बोले जिन बूथों पर 100 फीसदी काम उनकी सूची जारी करें

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी एसआईआर पर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रभारी तैनात कर दिए हैं, जबकि कई जिलों में बीजेपी ने भी SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया है कि 80 मतदान केंद्रों में मतदाता फॉर्म का सौ प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है।

भूपेश बघेल ने आयोग से मांगी सूची

आयोग के दावे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आपत्ति जताते हुए एक्स पर लिखा कि सौ प्रतिशत काम पूरा करने के लिए टीमों को बधाई, लेकिन आयोग को उन 80 केंद्रों की सूची सार्वजनिक करनी चाहिए। बघेल ने कहा कि सूची सामने आने से बाकी टीमें भी बेहतर काम करने के लिए प्रेरित होंगी।

कांग्रेस की मांग, BLO करें घर-घर सत्यापन

कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से कहा है कि बीएलओ हर घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें और प्रत्येक मतदाता से लिखित पुष्टि लें। पार्टी का कहना है कि ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में फोटो या फोटोकॉपी की सुविधा नहीं होती, इसलिए इसका खर्च और व्यवस्था आयोग को करनी चाहिए। एसआईआर की निगरानी के लिए कांग्रेस ने अपने पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए हैं।

बीजेपी ने भी उठाए सवाल, अनियमितताओं का आरोप

बीजेपी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को शिकायत सौंपी है। पार्टी का कहना है कि एसआईआर सर्वे में गंभीर लापरवाही हो रही है। उनका आरोप है कि बीएलए को अब तक पहचान पत्र नहीं दिए गए। कई जगह बीएलओ घर-घर जाने के बजाय एक ही स्थान पर बैठकर फॉर्म बांट रहे हैं, जिससे नए मतदाताओं के नाम सूची में जुड़ने में बाधा आ रही है। बीजेपी ने आयोग से लापरवाह कर्मियों पर सख्त कार्रवाई और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की मांग की है।

दोनों दल चुनाव सुधार की प्रक्रिया पर निगाह रखे हुए

एसआईआर को लेकर कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही आयोग को पत्र लिखकर अपने-अपने तर्क रख रहे हैं। कांग्रेस जहां जनजातीय और ग्रामीण इलाकों में सुविधा बढ़ाने की बात कर रही है, वहीं बीजेपी का कहना है कि नियमों का पालन नहीं हो रहा। चुनावी माहौल के बीच एसआईआर पर जारी यह रस्साकशी आने वाले दिनों में और तीखी हो सकती है।

Also Read: VIDEO: होमवर्क न करने की तालिबानी सजा: होमवर्क नहीं किया तो शिक्षिकाओं ने बच्चे को पेड़ से लटकाया

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button