
धमतरी Dhamtari Road Accident: धमतरी में तेज रफ्तार वाहन अब सड़क पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। 26 अगस्त को एक ही दिन में तीन अलग-अलग हादसे हुए, जिनमें एक युवक की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। हादसे भखारा रोड और अंबेडकर चौक के आसपास के इलाकों में हुए। सबसे दर्दनाक मामला भखारा रोड पर हुआ, जहां एक युवक को तेज रफ्तार कार ने इतनी जोर से टक्कर मारी कि वह 10 फीट हवा में उछलकर 50 फीट दूर जा गिरा।
पहली घटना: पिता की मौत, बच्चे घायल
पहली दुर्घटना भखारा रोड के देमार गांव के पास हुई। रायपुर के बंधवापारा निवासी सलीम खान (35) अपने दो बच्चों के साथ एक्टिवा से धमतरी आ रहा था। देमार के पास उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीनों लोग घायल हुए। उन्हें डीसीएच अस्पताल लाया गया, जहां सलीम की मौत हो गई। दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
दूसरी घटना: कपड़ा लेने निकला युवक उड़ा, अस्पताल में नहीं मिली सुविधा
Bhakhara Road Accident: दूसरी घटना भी भखारा रोड पर, गुजरा गांव के पास हुई। सोमप्रकाश उर्फ सोनू (उम्र करीब 20 वर्ष), गणेश चतुर्थी के लिए कपड़ा लेने निकला था। इसी दौरान धमतरी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। वह 10 फीट हवा में उछलकर करीब 50 फीट दूर जा गिरा। लोग घायल युवक को लेकर गुजरा अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां न तो डॉक्टर थे, न ही एंबुलेंस।
देखिये हादसे का CCTV वीडियो-
लोगों में अस्पताल की लचर व्यवस्था को लेकर नाराज़गी दिखी। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को प्राइवेट वाहन से धमतरी के निजी नर्सिंग होम लाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

तीसरी घटना: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, तीन घायल
Bike Accident Dhamtari: तीसरी घटना अंबेडकर चौक के आगे कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। यहां दो बाइकों की सीधी टक्कर हो गई, जिससे तीन युवक घायल हो गए। श्यामतराई निवासी विकास साहू अपने दोस्त हिमांशु साहू (20) के साथ गणेश लेने धमतरी जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने सोरिद पुल पार किया, सामने से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
Dhamtari News: सामने बाइक पर प्रदीप यादव (32), निवासी बांसपारा और चुनेश साहू (25), निवासी दानीटोला सवार थे। तीनों को ऑटो से जिला अस्पताल लाया गया। हादसे में हिमांशु की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि प्रदीप और चुनेश को उनके परिजन घर ले गए। घटना सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुई है, जिससे हादसे की पुष्टि हो चुकी है।

तेज रफ्तार पर कौन लगाएगा लगाम?
धमतरी में हादसों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। कहीं गाड़ियां खुद बेकाबू हो रही हैं तो कहीं लापरवाही से दूसरों की जान ले रही हैं। प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। आम लोग पूछ रहे हैं सड़क पर कब सुरक्षित चल पाएंगे? अस्पतालों की बदहाल स्थिति और मौके पर समय पर मदद न मिलना, हालात को और भयावह बना रहा है।




