
CG Ration Card: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लाखों राशनकार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अब सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जरूरी शर्त बन गई है। अगर आपने 30 जून 2025 तक ई-केवाईसी नहीं कराया, तो जुलाई से मुफ्त चावल मिलना बंद हो सकता है। यानी सरकार की योजनाओं का फायदा तभी मिलेगा, जब आपकी पहचान आधार से जुड़ी और प्रमाणित हो।
साढ़े तीन लाख से ज्यादा कार्डधारकों की स्थिति खतरे में
CG Ration Card E-KYC: जिले में 6,45,681 राशन कार्ड हैं, जिनमें 22.31 लाख सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें से 18.78 लाख लोगों का ई-केवाईसी हो चुका है, लेकिन अब भी 3,52,724 लोग ऐसे हैं, जिनकी पहचान अब तक अपडेट नहीं हुई। ऐसे में इन कार्डधारकों के परिवारों के सामने जुलाई से राशन बंद होने का खतरा मंडरा रहा है।
हर उचित मूल्य की दुकान पर उपलब्ध है सुविधा
रायपुर जिले की 485 राशन दुकानों में ई-पास मशीन के जरिए आधार आधारित ई-केवाईसी की सुविधा दी गई है। लोगों को बार-बार बताया जा रहा है कि पास की दुकान में जाकर सिर्फ कुछ मिनटों में यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। यह सब केंद्र सरकार की ‘एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड’ योजना के तहत हो रहा है, जिसमें बायोमैट्रिक और आधार लिंकिंग अनिवार्य की गई है।
फर्जी राशन कार्ड और घोटालों पर लगेगी लगाम
खाद्य विभाग का मानना है कि यह कदम राशन वितरण में पारदर्शिता लाएगा और फर्जीवाड़ा रोकने में मदद करेगा। पहले कई मामलों में देखा गया था कि एक ही व्यक्ति के नाम पर कई राशन कार्ड चल रहे थे, या कुछ परिवार जरूरत से ज्यादा अनाज उठा रहे थे। अब ई-केवाईसी के बाद हर कार्ड की निगरानी आसान होगी।

गरीबों को मुफ्त चावल, लेकिन शर्त साफ है
राज्य सरकार ने अगले पांच साल तक गरीब परिवारों को मुफ्त चावल देने का ऐलान किया है। लेकिन ये चावल उन्हें तभी मिलेंगे जब उनका ई-केवाईसी पूरा होगा। यानी योजना तो है, लेकिन ज़िम्मेदारी आपकी भी है।
भूपेंद्र मिश्रा, जिला खाद्य नियंत्रक ने कहा,
“पहले 31 दिसंबर 2024 तक की डेडलाइन थी, जिसे अब 30 जून 2025 तक बढ़ाया गया है। इसके बाद सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।”
क्या करें जिनका अब तक ई-केवाईसी नहीं हुआ?
- पास की राशन दुकान पर जाएं
- आधार कार्ड साथ रखें
- बायोमैट्रिक सत्यापन कराएं
- ई-केवाईसी पूरा कराएं
- रसीद ज़रूर लें
अगर आप चाहते हैं कि जुलाई से भी चावल की थैली आपके घर तक पहुंचे, तो अब देर मत कीजिए। 30 जून से पहले अपने राशन कार्ड का ई-केवाईसी जरूर करा लें, वरना एक छोटी सी चूक पूरे परिवार के राशन पर भारी पड़ सकती है।



