नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 60वीं DGP–IG कॉन्फ्रेंस का पहला दिन आज, जानिए क्या होगा खास

रायपुर: राजधानी रायपुर आज 60वीं ऑल इंडिया DGP–IG कॉन्फ्रेंस का गवाह बनने जा रहा है। देशभर के डीजीपी और आईजी स्तर के शीर्ष अधिकारी ‘विकसित भारत: सुरक्षा आयाम’ थीम पर देश की सुरक्षा रणनीति और पुलिसिंग में आगे की दिशा तय करने के लिए एक मंच पर जुटेंगे। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार देर रात रायपुर पहुँचे और आज दोपहर ढाई बजे सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। शाह सभी 8 सत्रों में मौजूद रहेंगे, जबकि पीएम मोदी आज शाम 7:30 बजे पहुँचकर 6 सत्रों में भाग लेंगे।

मुख्य एजेंडा: विकसित भारत के लिए सुरक्षा रणनीति तैयार करना

नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में हो रही यह कॉन्फ्रेंस देश की सुरक्षा रणनीति और आधुनिक पुलिसिंग मॉडल को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम “विकसित भारत: सिक्योरिटी डाइमेंशन्स” रखी गई है। सम्मेलन में देश की पुलिसिंग को सामने आने वाली प्रमुख चुनौतियों और उनसे निपटने के लिए अब तक किए गए सुधारों का संपूर्ण रिव्यू किया जाएगा। साथ ही अगले दशक के सुरक्षा विज़न को ध्यान में रखते हुए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी, जिससे ‘सुरक्षित भारत’ का रोडमैप तैयार हो सके।

IIM परिसर में हो रही कॉन्फ्रेंस

आंतरिक सुरक्षा, साइबर क्राइम और LWE पर होगा गहन मंथन

सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, LWE (वामपंथी उग्रवाद), काउंटर टेररिज़्म, डिज़ास्टर मैनेजमेंट जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा के बड़े मुद्दों पर गहन मंथन होगा। इसके अतिरिक्त, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, पुलिसिंग में फोरेंसिक साइंस और AI का उपयोग, तथा आधुनिक टेक्नोलॉजी और डेटा-आधारित जांच जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। पहले दिन नक्सलवाद के विषय पर चर्चा होगी और आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

सुरक्षा तंत्र के दिग्गज रायपुर पहुँचे, पीएम-शाह के सामने देंगे प्रजेंटेशन

कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी रायपुर पहुँच चुके हैं। इनमें डीजी बीएसएफ दलजीत सिंह चौधरी, डीजी एनआईए सदानंद बसंत दाते, सेंट्रल होम सेक्रेट्री गोविंद मोहन, सेक्रेट्री, रॉ पराग जैन शामिल हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बंडी संजय कुमार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल भी आज रायपुर पहुँच जायेंगे। देशभर के डीजी-आईजी और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी पीएम मोदी और शाह के सामने प्रजेंटेशन देंगे।

तीन दिनों में 8 सत्र, पीएम मोदी समापन सत्र को करेंगे संबोधित

कॉन्फ्रेंस तीन दिनों तक चलेगी और कुल 8 सत्र आयोजित होंगे। पहले दिन आज 2 सत्र होंगे, कल 4 सत्र होंगे और परसों 2 सत्र होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सभी 8 सत्रों में मौजूद रहेंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 सत्रों में भाग लेंगे। पीएम मोदी कल और परसों सम्मेलन के सत्रों में भाग लेंगे और साथ ही समापन सत्र को भी संबोधित करेंगे, जिससे इस कॉन्फ्रेंस का महत्व और बढ़ जाता है।

Also Read: CG Half Bijli Bill Yojana: 1 दिसंबर से मिलेगी 200 यूनिट ‘बिल बिजली हाफ’ की राहत, दायरा बढ़ा, इन उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा फायदा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button