
धमतरी जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा छठवीं में प्रवेश पाने के इच्छुक छात्रों के लिए कल यानी 01 मार्च 2026 को चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने जानकारी दी है कि परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से काफी पहले अपने आवंटित केंद्रों पर पहुंच जाएं ताकि अंतिम समय में किसी तरह की आपाधापी न हो।
शहर में बनाए गए 5 केंद्र, ये स्कूल-कॉलेज हुए शामिल
परीक्षा को सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने धमतरी शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों को केंद्र बनाया है। इनमें मेनोनाईट हिन्दी हायर सेकेण्डरी स्कूल, मॉडल इंग्लिश हायर सेकेण्डरी स्कूल सोरिद नगर और शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय प्रमुख हैं। इसके अलावा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमातालाब और सर्वोदय इंग्लिश हायर सेकेण्डरी स्कूल को भी परीक्षा केंद्र के रूप में चुना गया है। इन सभी केंद्रों पर सुरक्षा और बैठक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि छात्रों को परीक्षा देने में कोई असुविधा न हो।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड और रखें इन बातों का ध्यान
जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक अपना प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं किया है, वे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे तुरंत डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर आवेदन क्रमांक और पिता का मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र में छपे सभी नियमों और निर्देशों का पालन करना हर छात्र के लिए अनिवार्य है। परीक्षा हॉल में बिना एडमिट कार्ड के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही, बच्चों को अपने साथ जरूरी स्टेशनरी और पहचान पत्र साथ रखने की हिदायत दी गई है।
Also Read: धमतरी के लिए बड़ी खबर: जिले में खुलेगा पहला सैनिक स्कूल, शासन ने प्रस्ताव को दी हरी झंडी



