
Kurud To Abhanpur Train: धमतरी जिले के कुरुद वासियों का बरसों पुराना सपना अब हकीकत में बदलता नजर आ रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने अभनपुर से कुरुद के बीच नई ब्रॉडगेज लाइन पर ट्रेनों का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। बुधवार को हुए इस परीक्षण के दौरान ट्रेन ने 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ लगाकर नए ट्रैक की मजबूती को साबित किया। कुरुद से स्पेशल ट्रेन 16:22 बजे शुरू होकर अभनपुर 16:40 बजे पहुंची और इस दौरान कुरुद से अभनपुर के बीच 22 किलोमीटर की दूरी लगभग 18 मिनट मे पूरा किया गया। इस सफल ट्रायल के बाद अब इस रूट पर यात्री मेमू ट्रेन चलाने का रास्ता साफ हो गया है जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को रायपुर और अन्य शहरों तक आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

2018 में रखी गई थी इस बड़ी योजना की नींव
इस रेल लाइन के विस्तार की कहानी साल 2018 से जुड़ी है। तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कुरुद विधायक अजय चंद्राकर की मांग पर इस छोटी लाइन को बड़ी लाइन (ब्रॉडगेज) में बदलने की घोषणा की थी। उस समय से ही इस प्रोजेक्ट को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। विधायक चंद्राकर ने रेल मंत्रालय तक इस रेल विकास कार्य की मांग को सक्रियता से रखा। केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल का ही नतीजा है कि आज कुरुद आधुनिक रेल नेटवर्क से जुड़ने के बेहद करीब पहुंच गया है।

धमतरी तक रेल पहुंचने की उल्टी गिनती शुरू
रेलवे प्रशासन ने कुरुद से धमतरी शहर के बीच हो रहे निर्माण कार्य की ताजा स्थिति भी साझा की है। विभाग के मुताबिक कुरुद से धमतरी के बीच लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अप्रैल 2026 तक पूरे ट्रैक को बिछाने का लक्ष्य रखा गया है। अगर काम इसी रफ्तार से चलता रहा तो मई या जून 2026 तक मेमू ट्रेन सीधे धमतरी शहर तक पहुंचने लगेगी। विकास के इस काम में आ रहे करीब 150 अवैध कब्जों को हटाने के लिए रेलवे ने पहले ही नोटिस जारी कर दिया है ताकि निर्माण में देरी न हो।

सुरक्षा आयुक्त ने दी हरी झंडी
बुधवार को हुआ यह ट्रायल रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CMRS) और मुख्य इलेक्ट्रिकल इंजीनियर की देखरेख में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने ट्रैक की गुणवत्ता, सिगनलिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की। 90 से 100 किमी प्रति घंटे की गति पर ट्रेन के सफल संचालन के बाद सुरक्षा आयुक्त ने इस रूट को सुरक्षित बताते हुए ‘क्लीन चिट’ दे दी है। यह तकनीकी सफलता सुनिश्चित करती है कि आने वाले समय में कुरुद और अभनपुर के बीच रेल यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और तेज होगी। इस स्पीड ट्रायल के दौरान कमिश्नर ऑफ़ रेलवे सेफ्टी (रेल संरक्षा आयुक्त) दक्षिण पूर्व सर्कल/ कोलकाता ब्रिजेश कुमार मिश्रा, अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद सहित मंडल शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
आर्थिक और सामाजिक प्रगति का खुलेगा द्वार
नई रेल लाइन केवल आवागमन का साधन नहीं है बल्कि यह धमतरी और कुरुद के लिए तरक्की का नया रास्ता भी है। रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से स्थानीय व्यापार को नई ताकत मिलेगी और युवाओं के लिए शिक्षा व रोजगार के अवसर आसान होंगे। रायपुर जैसे बड़े शहर से सीधे जुड़ाव होने के कारण कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना सस्ता और सुलभ हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट को क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक उन्नति के लिए एक बड़ा आधार स्तंभ माना जा रहा है। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से न केवल लाखों यात्रियों का सफर सुगम और कम खर्चीला होगा, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की आर्थिक उन्नति के लिए इंजन का काम करेगा। बेहतर परिवहन सुविधा से स्थानीय व्यापारियों को बड़े बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादों और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही, रेल लाइनों के जुड़ने से नए निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जो अंततः क्षेत्र के सामाजिक और बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करते हुए एक समृद्ध भविष्य की नींव रखेंगे।
जनता के अरमानों को मिली नई मंजिल
इस बड़ी उपलब्धि पर विधायक अजय चंद्राकर ने खुशी जताते हुए कहा कि जनता ने दशकों से जिस रेल सेवा का सपना संजोया था, उसे हकीकत में बदलने का संकल्प अब अपनी पूर्णता की ओर है। धमतरी जिला के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पटरियों पर उतारना एक बड़ी चुनौती थी जो अब अपनी मंजिल के पास है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह रेल लाइन भविष्य में क्षेत्र के गौरव को और बढ़ाएगी। विधायक चंद्राकर ने प्रधानमत्री श्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री जी का किया आभार। फिलहाल रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि मेमू ट्रेन के परिचालन के समय यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



