बिलासपुर GGU: कुलपति के सामने दो गुटों में मारपीट, दो छात्र गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर, 2 फरवरी 2025: छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU), कोनी में कुलपति के सामने दो छात्र गुटों के बीच हुई जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में दो छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह घटना उस समय हुई जब बॉटनी, फॉरेंसिक और अन्य विषयों के छात्र खेल संबंधी जानकारी लेने कुलपति से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान फिजिकल एजुकेशन के छात्रों और बाहरी छात्रों के बीच विवाद हो गया और देखते ही देखते यह मारपीट में बदल गया। यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम के बाहर दोनों गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। इनमें से दो छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मारपीट के दौरान शिक्षक भी थे मौजूद

इस घटना के दौरान यूनिवर्सिटी के शिक्षक भी वहां उपस्थित थे, लेकिन वे छात्र की लड़ाई को रोकने में नाकाम रहे। इस झगड़े में फॉरेंसिक के छात्र सक्षम पाठक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं, जम्मू कश्मीर से पढ़ाई करने आए छात्र मोहम्मद रहमान को भी इस मारपीट में चोटें आईं। कुछ छात्राओं के साथ भी मारपीट की खबर सामने आई है।

मारपीट में घायल छात्रों ने सिम्स अस्पताल से उपचार के बाद कोनी थाना जाकर आरोपियों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने फिजिकल एजुकेशन के छात्रों समेत अन्य छात्रों पर मारपीट का आरोप लगाया।

खेल से जुड़ा विवाद

इस झगड़े का कारण विश्वविद्यालय में चल रहे खेल ट्रायल्स थे। एबीवीपी से जुड़े छात्र आराध्य ने बताया कि कुछ दिन पहले चेस के ट्रायल हुए थे, जिसमें 100 छात्रों ने भाग लिया था और उनमें से 6 छात्रों का चयन हुआ था। इन छात्रों को जोनल खेल प्रतियोगिता में भेजने की बात थी, लेकिन फंड और विशेषज्ञ की कमी के कारण इन्हें प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया। इसी मुद्दे पर छात्र कुलपति से मिलने पहुंचे थे, लेकिन यहां 20-25 बाहरी छात्रों ने उनसे भिड़कर मारपीट शुरू कर दी।

कुलपति का बयान

कुलपति डॉ. आलोक चक्रवाल ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कार्यक्रम के बाद वह बाहरी अतिथियों के साथ कार में जा रहे थे, तभी कुछ छात्रों ने उनकी कार को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, कार नहीं रोकी गई और बाद में छात्रों के दो गुटों में मारपीट की सूचना मिली। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों का आपस में कोई पुराना विवाद हो सकता है। मारपीट के मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था और छात्राओं के बीच तालमेल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: CG Breaking: डैनेक्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button