India Fake University List: छात्रों और अभिभावकों के लिए जरुरी खबर, देश भर में 32 फर्जी विश्वविद्यालय चिन्हित, जानिए किस राज्य में कितने फर्जी संस्थान चल रहे हैं

India Fake University List: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने देशभर के 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की नई सूची जारी की है। इस सूची में छत्तीसगढ़ राज्य का एक भी विश्वविद्यालय शामिल नहीं है। देश में फर्जी संस्थानों में सबसे ज्यादा 12 विश्वविद्यालय दिल्ली में पाए गए हैं। आजकल ऑनलाइन लर्निंग, डिस्टेंस एजुकेशन और नए निजी विश्वविद्यालयों के दौर में कई छात्र बिना जांच-पड़ताल के ऐसे संस्थानों में दाखिला ले लेते हैं। बाद में पता चलता है कि वह संस्थान फर्जी है, जिससे छात्रों का समय, पैसा और करियर तीनों दांव पर लग जाते हैं।

छात्रों और अभिभावकों के लिए यूजीसी ने जारी किया अलर्ट

इसी खतरे को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने छात्रों और अभिभावकों के लिए यह अलर्ट जारी किया है। यूजीसी ने देशभर में 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की पहचान करके उनकी सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन संस्थानों द्वारा दी जाने वाली डिग्रियों की कोई कानूनी या सरकारी मान्यता नहीं होगी।

बिना अनुमति के चलाई जा रही हैं अवैध डिग्रियां

यूजीसी के अनुसार, देश भर में 32 ऐसे संस्थान चल रहे हैं जो बिना किसी वैध अनुमति के खुद को विश्वविद्यालय बताकर छात्रों को डिग्रियां बांट रहे हैं। ये सभी संस्थान यूजीसी अधिनियम का सीधे तौर पर उल्लंघन कर रहे हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि इन फर्जी संस्थानों को किसी भी सरकारी या शैक्षणिक संस्था से किसी प्रकार की मान्यता प्राप्त नहीं है।

फर्जी संस्थान से मिली डिग्री सरकारी नौकरी में नहीं आएगी काम

आयोग ने छात्रों को सचेत किया है कि ऐसे फर्जी संस्थानों से मिलने वाली डिग्रियां किसी भी सरकारी नौकरी, उच्च शिक्षा में प्रवेश या आधिकारिक काम के लिए पूरी तरह अमान्य होंगी। यूजीसी ने सभी छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी कॉलेज, विश्वविद्यालय या ऑनलाइन कोर्स में दाखिला लेने से पहले उसकी मान्यता की पूरी पड़ताल अवश्य कर लें।

केवल आधिकारिक वेबसाइट की जानकारी पर ही करें भरोसा

यूजीसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही विश्वास करें। किसी भी संस्थान के आकर्षक विज्ञापनों, सोशल मीडिया पोस्ट या दावों के आधार पर प्रवेश लेने से बचें। कई फर्जी संस्थान कम समय में डिग्री देने, 100 प्रतिशत प्लेसमेंट और घर बैठे पढ़ाई का झांसा देकर छात्रों को आकर्षित करते हैं, जो आगे चलकर भारी नुकसान का कारण बनता है।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा फर्जी संस्थान

यूजीसी द्वारा जारी सूची के अनुसार फर्जी विश्वविद्यालयों के मामले में दिल्ली और उत्तर प्रदेश सबसे आगे हैं।

  • दिल्ली: 12 फर्जी विश्वविद्यालय
  • उत्तर प्रदेश: 4 फर्जी विश्वविद्यालय
  • पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश: 2-2 फर्जी विश्वविद्यालय
  • हरियाणा, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश: 1-1 फर्जी विश्वविद्यालय

एडमिशन लेने से पहले इस तरह जांचें विश्वविद्यालय की मान्यता

यदि आप किसी भी विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले उसकी मान्यता की जांच जरूर करें। यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों की अलग-अलग स्वीकृत सूची उपलब्ध है। अगर किसी विश्वविद्यालय का नाम यूजीसी की इस स्वीकृत सूची में शामिल है, तभी उसे वैध और मान्यता प्राप्त माना जाएगा।

Also Read: CG Scholarship Scheme 2026: छत्तीसगढ़ की बेटियों को हर साल मिलेंगे ₹30,000, जानें कौन कर सकता है आवेदन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button