बीजापुर में नक्सलियों की बर्बरता: मुखबिरी के शक में मामा-भांजे की हत्या, मृतकों में एक CRPF जवान का भाई शामिल

बीजापुर: Bijapur News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने एक बार फिर खूनी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। यह घटना उसूर थाना क्षेत्र के नेलाकांकेर गाँव की है, जहाँ देर रात नक्सलियों ने दोनों युवकों को घर से बाहर बुलाया और मार डाला।

रिश्ते में मामा-भांजे थे मृतक

नक्सलियों के शिकार हुए मृतकों की पहचान रवि कट्टम (उम्र 25 वर्ष) और तिरुपति सोढ़ी (उम्र 38 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों रिश्ते में मामा और भांजे थे और पड़ोसी भी थे। इस दोहरी हत्या से पूरे गाँव में दहशत का माहौल है।

मृतकों में एक सीआरपीएफ जवान का भाई

पुलिस ने आशंका जताई है कि माओवादियों ने यह वारदात बदले की भावना से अंजाम दी है। मृतक तिरुपति सोढ़ी का भाई सीआरपीएफ (CRPF) में जवान है, जिसके चलते नक्सलियों को इन पर सुरक्षाबलों के लिए मुखबिरी करने का शक था।

इलाके में पुलिस का तलाशी अभियान शुरू

घटना की सूचना मिलते ही उसूर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जाँच शुरू की। फ़िलहाल, पुलिस और सुरक्षाबल आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि माओवादियों का पता लगाया जा सके।

नक्सलियों में बढ़ी बौखलाहट, एक महीने में 7 हत्याएं

सुरक्षाबलों की बढ़ती सक्रियता और प्रशासनिक गतिविधियों से माओवादी बौखलाए हुए हैं। दहशत फैलाने के इरादे से नक्सली लगातार ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं। बताया गया है कि पिछले एक महीने के भीतर माओवादी इस क्षेत्र में 7 ग्रामीणों की हत्या कर चुके हैं। इस घटना ने एक बार फिर वनांचल के ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: बिरेझर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पत्थर से कुचलकर युवक की नृशंस हत्या, पुल के नीचे मिली खून से सनी लाश, इलाके में सनसनी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button