
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का 19 नवंबर को धमतरी आना प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी दिन किसानों के लिए किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी करेंगे, जिसके लिए देशभर में बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहली बार धमतरी का दौरा करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी कोयंबटूर से 21वीं किस्त जारी करेंगे, जिसका लाइव टेलीकास्ट धमतरी के कार्यक्रम स्थल पर भी होगा।
एकलव्य खेल मैदान में आयोजित होगा मुख्य कार्यक्रम
19 नवंबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में जोरों-शोरों से तैयारियां चल रही हैं। भाजपा कार्यकर्ता और जिला प्रशासन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। तैयारियों के तहत मंच निर्माण, स्टॉलों की व्यवस्था, पार्किंग स्थलों और आगमन मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस सभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कुरुद विधायक अजय चंद्राकर भी उपस्थित रहेंगे और किसानों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
धमतरी दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के 19 नवंबर के धमतरी दौरे का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल भी जारी हो गया है। कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वन मंत्री कश्यप ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के साथ तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

वन मंत्री कश्यप ने लिया तैयारियों का जायजा
वन मंत्री कश्यप ने धमतरी में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और हेलीपैड स्थल की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मंच, प्रवेश मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल व्यवस्था और स्टॉलों की सुव्यवस्थित स्थापना पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि सभी व्यवस्थाओं में समयबद्धता, स्वच्छता और आगंतुकों की सुविधा को सर्वोपरि रखा जाए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों सहित कई मंत्री विधायक एवं जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे। इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और डॉ. रमन सिंह (विधानसभा अध्यक्ष), श्री अरुण साव (उप मुख्यमंत्री), और मंत्रीगण जैसे श्री टंक राम वर्मा, श्री दयाल दास बघेल, श्री ओ.पी. चौधरी, श्री राम विचार नेताम, श्री लखन लाल देवांगन, श्रीमती लक्ष्मी राजवाडे, श्री गुरु खुशवंत साहेब, श्री केदार कश्यप, श्री श्याम बिहारी जायसवाल, श्री गजेन्द्र यादव, और श्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। इनके अतिरिक्त, सांसद श्रीमती रुपकुमारी चौधरी और श्री भोजराज नाग के साथ ही कुरुद विधायक श्री अजय चंद्राकर, श्रीमती अंबिका मरकाम, श्री ओंकार साहू, महापौर श्री रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा, नेहरु राम निषाद (अध्यक्ष, छ.ग. पिछड़ा वर्ग आयोग), और श्री विकास मरकाम सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
शाम 5.15 बजे भोपाल के लिए होंगे रवाना
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान नगपुरा और कुम्हारी में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम 5.15 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे। उनका यह दौरा छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को गति देने और किसानों को सीधा लाभ पहुँचाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
10 जनवरी को रायपुर प्रवास पर देंगे ‘प्रधानमंत्री आवास’ की सौगात
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 जनवरी को भी छत्तीसगढ़ के रायपुर प्रवास पर आ रहे हैं। इस प्रवास के दौरान वे प्रदेशवासियों को प्रधानमंत्री आवास की सौगात देंगे। केंद्रीय मंत्री सुबह 11.15 बजे रायपुर पहुँचकर नगपुरा के लिए रवाना होंगे। दोपहर में वे मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और प्रधानमंत्री आवासीय योजना कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा, कुम्हारी के मिनी स्टेडियम में ‘किसान मेला’ कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।

पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने आवास सौगात पर जताया आभार
केंद्रीय कृषि मंत्री के प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री आवास की सौगात देने पर पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी केंद्र सरकार से 8 लाख 46 हज़ार आवास मिले हैं, और पूर्व में स्वीकृत सभी आवासों में कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि कल फिर छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात मिलेगी, जिसके लिए वह आभार व्यक्त करते हैं।



