केंद्रीय मंत्री तोखन साहू की कार का एक्सीडेंट: रायपुर जाते समय लोहे की रॉड से टकराई गाड़ी, बाल-बाल बची जान

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे का शिकार होने से बच गए। मंत्री तोखन साहू बिलासपुर से रायपुर एयरपोर्ट के लिए निकले थे, तभी बलौदाबाजार जिले के चंदेली (दामाखेड़ा) के पास उनकी चलती कार से एक लोहे की भारी रॉड अचानक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला शीशा और सनरूफ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, रॉड काफी तेज रफ्तार से आई और सनरूफ व साइड मिरर के बीच के हिस्से पर जा लगी। गनीमत रही कि कार की मजबूत बॉडी और मेटल प्लेट की वजह से रॉड अंदर नहीं घुस पाई, वरना किसी की जान भी जा सकती थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल: पुलिस ने जांच के लिए जब्त की लोहे की रॉड

घटना के वक्त कार में केंद्रीय मंत्री के साथ उनका निजी स्टाफ और सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद हड़कंप मच गया और काफिले को वहीं रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सड़क पर पड़ी उस रॉड को अपने कब्जे में लिया। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह लोहे की रॉड सड़क पर कैसे आई और इतनी ऊंचाई से कार पर कैसे गिरी। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि यह महज एक सड़क हादसा था या फिर सुरक्षा व्यवस्था में कोई गंभीर चूक। इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

मंत्री तोखन साहू का बयान: ईश्वर की कृपा से सब सकुशल

इस हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने राहत की सांस ली और कहा कि ईश्वर की कृपा से गाड़ी में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें कार के शीशे में फंसी रॉड और कांच के टुकड़े बिखरे साफ देखे जा सकते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद मंत्री के समर्थकों और इलाके के लोगों में चिंता और चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं ताकि भविष्य में वीआईपी सुरक्षा में ऐसी कोई अप्रिय स्थिति न बने।

Also Read: Deepak Baij Accident: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के काफिले का एक्सीडेंट, जानें कहां हुआ ये हादसा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button